बुंदेलखंड बनेगा शाही शादियों का नया केंद्र, राजस्थान की तर्ज पर हेरिटेज स्थलों का होगा विकास
बुंदेलखंड के ऐतिहासिक स्थलों को राजस्थान की तर्ज पर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें शाही शादियों को बढ़ावा मिलेगा।
-1795534204805_m.webp)
प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
राजस्थान की तर्ज पर बुंदेलखंड के हेरिटेज स्थल विकसित होंगे।
शाही शादियों और ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा विशेष बढ़ावा।
पीपीपी मॉडल से ऐतिहासिक धरोहरों का जीर्णोद्धार होगा।
जागरण संवाददाता, झांसी। राजस्थान की तर्ज पर अब बुंदेलखंड के ऐतिहासिक किलों, महलों और धरोहर को पर्यटन के बड़े केन्द्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। प्रदेश सरकार की नयी पर्यटन नीति के तहत इन स्थलों को हेरिटेज टूरिज्म से जोड़ने के साथ शाही शादियों (डेस्टिनेशन वेडिंग) के लिए भी आकर्षक बनाया जाएगा।
इससे बुंदेलखंड को देश के पर्यटन मानचित्र पर अलग पहचान दिलाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार व कारोबार के नये अवसर पैदा करने की सम्भावना है। सरकार की मंशा है कि राजस्थान में शाही शादियों के लिए पहुँचने वाले देश के बड़े शहरों के परिवार अब बुंदेलखंड के किलों और ऐतिहासिक स्थलों को भी विकल्प के रूप में चुनें।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मन्त्री जयवीर सिंह ने बताया कि बुंदेलखंड में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने के लिए नयी पर्यटन नीति के तहत कई योजनाएं प्रारम्भ की जा रही हैं। कुछ योजनाओं को स्वीकृति भी मिल चुकी है। विशेष रूप से झांसी सहित पूरे बुंदेलखंड में देशी-विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
मुम्बई सहित बड़े महानगरों के ऐसे परिवारों को आकर्षित करने की योजना है, जो विवाह समारोहों के लिए राजस्थान का रुख करते हैं। इसके लिए बुंदेलखंड के ऐतिहासिक किलों और महलों को हेरिटेज वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
गाँवों तक पहुँचेगा पर्यटन का लाभ
पर्यटन का लाभ केवल ऐतिहासिक इमारतों तक सीमित न रहे, इसके लिए ग्रामीण पर्यटन और होम स्टे को भी बढ़ावा दिया जाएगा। मन्त्री ने बताया कि ग्रामीण परिवेश का अनुभव लेने के इच्छुक देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए गांवों को चिह्नित किया गया है। छह कमरों वाले मकानों से लेकर बड़े होम स्टे विकसित किए जाएंगे। इसके लिए आम लोगों को 25 प्रतिशत अनुदान तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला उद्यमियों को पांच प्रतिशत अतिरिक्त अग्रिम अनुदान देने की व्यवस्था है।
पीपीपी मॉडल से सँवरेंगी ऐतिहासिक धरोहर
बुंदेलखंड के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को सरकारी योजनाओं के साथ सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इससे निजी निवेशकों की भागीदारी बढ़ेगी और उपेक्षित ऐतिहासिक इमारतों को पर्यटन की दृष्टि से उपयोगी बनाया जा सकेगा। पर्यटन क्षेत्र में प्रदेश को लगभग 80 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें बुंदेलखंड के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल भी शामिल हैं।
मन्त्री ने बताया कि धर्मार्थ कार्य विभाग ने धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और वहाँ तक पहुँचने वाले मार्गों की मरम्मत के लिए एक हजार करोड़ रुपये आवण्टित किए गए हैं। इस धनराशि से बुंदेलखंड के धार्मिक स्थलों के विकास को भी गति मिलेगी। बरुआसागर किले को पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने स्वीकार किया कि अभी बुंदेलखंड आने वाले अनेक पर्यटक मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों की ओर चले जाते हैं, लेकिन बेहतर सुविधाएँ और पर्यटन ढाँचा विकसित होने पर उत्तर प्रदेश इस मामले में आगे निकल सकता है। उन्होंने प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को निवेश के लिए अनुकूल बताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।