कब बनेगा सर्विस रोड?
0 सीपरी बा़जार के व्यापारियों ने महापौर को घेरा 0 चेतावनी दी रोड नहीं बनने तक जनप्रतिनिधियों का कि
0 सीपरी बा़जार के व्यापारियों ने महापौर को घेरा
0 चेतावनी दी रोड नहीं बनने तक जनप्रतिनिधियों का किया जाएगा घेराव
झाँसी : सीपरी बा़जार के व्यापारियों को आज जैसे ही सूचना मिली कि महापौर निर्माणाधीन ओवर ब्रिज वाली सड़क से गु़जरने वाली हैं, सैकड़ों व्यापारी दुकानदारी छोड़ सड़क पर महापौर का इन्त़जार करने लगे। जैसे ही उनकी गाड़ी आयी, उसके सामने लेट गए। गाड़ी रुकते ही उनका घेराव कर लिया और सवाल किया कि कब बनेगा सर्विस रोड?
सीपरी बा़जार व्यापार महासमिति के अध्यक्ष सन्तोष साहू के नेतृत्व में व्यापारियों ने महापौर से कहा कि ओवर ब्रिज निर्माण के कार्य को शुरू हुए लगभग एक साल होने को जा रहा है, लेकिन अभी तक सर्विस रोड नहीं बनायी गयी है। इससे आम जनमानस और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। महामन्त्री चौधरी फिरोज ने कहा कि कच्ची उबड़-खाबड़ सड़क से दिन भर धूल उड़ती रहती है। यातायात भी रेंगता रहता है, जिसकी वजह से पल-पल में जैम की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। लोग सीपरी बा़जार के बा़जारों में जाने से कतरने लगे हैं, जिससे व्यापार ठप होता जा रहा है। आम आदमी को अलग परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अध्यक्ष सन्तोष साहू ने कहा कि अब हर जनप्रतिनिधि और सक्षम अधिकारी को घेराव तब तक किया जाता रहेगा, जब तक सर्विस रोड का निर्माण नहीं हो जाता है। उनहोंने कहा कि लोकतान्त्रिक तरीके से कई बार मण्डलायुक्त, ़िजलाधिकारी व सेतु निगम के अधिकारियों को इस माँग से अवगत कराया जा चुका है। हर बार जल्द से जल्द निर्माण का आश्वासन देते हैं, लेकिन होता कुछ नहीं है। संरक्षक प्रभूदयाल साहू ने कहा कि सेतु निगम द्वारा सेतु के लिए बनाए गए एस्टिमेट में सर्विस रोड निर्माण की धनराशि शामिल है। इसके बाद निर्माण नहीं कराया जा रहा है। इस दौरान महापौर ने व्यापारियों को बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने मण्डलायुक्त से मुलाकात की थी, तो उन्होंने एक सप्ताह में समस्या का निराकरण का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही दिखाई नहीं दे रही है। महापौर ने कहा कि इस समस्या का जल्द ही हल न हुआ, तो वे स्वयं व्यापारियों के आन्दोलन में शामिल हो जाएंगी। नगर निगम द्वारा हर सम्भव मदद का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान नरेन्द्र अग्रवाल, गुड्डू चौरसिया, सन्तोष गुप्ता, श्याम चौरसिया, अविनाश साहू, सुशील सोनी, प्रदीप गुप्ता, उदय सोनी, शशिकान्त कारलेकर, अबरार अली, निशान्त दुबे, अशोक साहू, अजीत सेठी आदि उपस्थित रहे।
हिसाब-किताब के लिए ले गए थे ज्वैलर्स को
0 पत्नी ने अपहरण की जतायी थी आशंका
झाँसी : थाना नवाबाद क्षेत्र के खुशीपुरा, नगरिया कॉलनि निवासी ज्वैलर्स का अपहरण नहीं, बल्कि लेन-देन के चलते उसको कुछ लोग हिसाब-किताब के लिए ले गए थे। देर रात सूचना देने के बाद पुलिस ने उसको आधी रात बाद बरामद कर लिया। ज्वैलर्स ने पुलिस को बताया कि उसका अपहरण नहीं हुआ था।
नगरिया कॉलनि निवासी कैलाश सोनी को बीते रो़ज कुछ लोग अपने साथ ले गए थे। देर रात तक वापस नहीं आया, तो उसकी पत्नी ने पुलिस को पति के अपहरण होने की आशंका जताते हुए सूचना दी थी। पुलिस ने आरोपियों की पकड़ने के प्रयास किए, तो आधी रात बाद आरोपी पुलिस के सामने आ गये। साथ ले जाने वालों ने पुलिस को बताया कि कैलाश पर उनका 88 लाख रुपए बकाया है, जिसका हिसाब-किताब करने के लिए वह उसको साथ ले गए थे। उधर, पीड़ित ने भी बताया वह हिसाब-किताब के लिए अपने मन से गया था। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को छोड़ दिया।