लूटा गया 55 पेटी सेब बरामद, तीन गिरफ्तार
पुलिस ने गत पांच मई की रात लालापुर नहर के पुल से सेब लदे पिकअप लूटकांड में शामिल तीन और लुटेरों को गिरफ्तार कर 55 पेटी सेब बरामद करने का दावा किया है।
जासं, सरपतहां (जौनपुर): पुलिस ने गत पांच मई की रात लालापुर नहर के पुल से सेब लदे पिकअप लूटकांड में शामिल तीन और लुटेरों को गिरफ्तार कर 55 पेटी सेब बरामद करने का दावा किया है। गुरुवार की रात मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, सराय मोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने सहयोगियों के साथ खुटहन थाना क्षेत्र के मदारपुर कब्रिस्तान के पास घेराबंदी कर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों राशिद उर्फ मोनू, सोनू शर्मा निवासी पटैला व कृष्णचंद वर्मा निवासी मखदूमपुर थाना खुटहन की निशानदेही पर पुलिस ने लालजी के कटरे में छिपाकर रखा गया लूटा गया 55 पेटी सेब बरामद कर लिया। एक अन्य आरोपित रवींद्र वर्मा निवासी मकदूमपुर भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।