रंजिश के चलते युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
जागरण संवाददाता, बदलापुर (जौनपुर): अभईपुर गांव में शुक्रवार की शाम पुरानी रंजिश को ल
जागरण संवाददाता, बदलापुर (जौनपुर): अभईपुर गांव में शुक्रवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव निवासी हरिकेश यादव (24) घर से धान की रोपाई का कार्य देखने खेत जा रहा था। नहर के पास स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा था कि पहले से लाइसेंसी बंदूक लेकर खड़े बगल के गांव छिटकापुर निवासी विनय उपाध्याय उसे रोकने लगा। इसी को लेकर दोनों के बीच तू-तू, मैं-मैं होने लगी। पहले विनय ने बंदूक से हवा में दो गोलियां चलाईं। भयभीत होकर भाग रहे हरिकेश कुछ दूर जाने के बाद मुड़कर गाली देने लगा। इतने में अपने दो भाइयों अमित व योगेश के ललकारने पर विनय ने हरिकेश को लक्ष्य कर गोली चला दी। गोली का एक छर्रा सिर में तथा दो छर्रे चेहरे पर दाहिनी तरफ लगे। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव व्याप्त है।घायल हरिकेश के भाई विजेंद्र यादव ने छिटकापुर निवासी विनय उपाध्याय, योगेश व अमित के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष निरीक्षक सुनील दत्त ने कहा कि प्रकरण की गंभीरता से जांच-पड़ताल की जा रही है। गोली मारने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।