विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर के नए एसपी बने यशवीर सिंह, उपलब्धियों और चुनौतियों से भरा रहा IPS कुंवर अनुपम सिंह का सफर

Published: Thu, 08 Oct 2026 07:59 AM (IST)

जौनपुर में यशवीर सिंह नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त हुए हैं, जबकि कुंवर अनुपम सिंह का आठ माह का कार्यकाल सक्रिय ...और पढ़ें

कुंवर अनुपस सिंह और नवागत एसपी यशवीर सिंह। क्रमश:

कुंवर अनुपस सिंह और नवागत एसपी यशवीर सिंह। क्रमश:

HighLights

  1. यशवीर सिंह जौनपुर के नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त हुए।

  2. कुंवर अनुपम सिंह का कार्यकाल सक्रिय पुलिसिंग के लिए जाना गया।

  3. नए एसपी के समक्ष अपराध नियंत्रण बड़ी चुनौती होगी।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। पुलिस कप्तान के रूप में कुंवर अनुपम सिंह का करीब आठ माह का कार्यकाल कार्रवाई, अभियान और थाना स्तर पर कसावट के लिए जाना जाएगा। इसके इतर सुरेरी और जलालपुर में लूट के मामलों में पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता, दूल्हा हत्याकांड जैसे मामले पुलिस की निगरानी और जवाबदेही पर सवाल खड़े करने वाले रहे।

चार फरवरी को जिले की कमान संभालने के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी से लेकर गैंग्स्टर एक्ट में कार्रवाई तक पुलिस ने कई अभियानों को गति दी। उनके कार्यकाल में थाना प्रभारियों के स्तर पर भी कई बार फेरबदल हुआ। कहीं लापरवाही पर कार्रवाई हुई तो कहीं बेहतर पुलिसिंग के लिए नई जिम्मेदारी सौंपी गई।

जिले में संगठित अपराध और गंभीर मामलों में कार्रवाई के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया गया। हालांकि कुछ घटनाओं और पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई ने पुलिसिंग की चुनौतियों को भी सामने रखा।

सुरेरी और जलालपुर के मामले पर उठे सवाल

कुंवर अनुपम सिंह के कार्यकाल में जिले में कई चर्चित आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को सवालों के घेरे में खड़ा किया। दूल्हा हत्याकांड हो या सुरेरी और जलालपुर में लूट के मामलों में पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता, इन प्रकरणों ने महकमे की निगरानी और जवाबदेही पर सवाल उठाए। जलालपुर के लूटकांड में पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद डीआइजी स्तर से पुलिस- अपराधी गठजोड़ की जांच तक पहुंची। सुरेरी प्रकरण में भी एसआइटी गठित कर जांच कराई जा रही है।

यशवीर सिंह होंगे नए पुलिस अधीक्षक

कुंवर अनुपम सिंह के स्थान पर यशवीर सिंह जिले के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। उनके सामने अपराध नियंत्रण की इस गति को बनाए रखने के साथ ही थाना स्तर की पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की चुनौती होगी। इससे पहले वह बस्ती के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे।

कुंवर अनुपम सिंह को पुलिस अधीक्षक, पीएसी मुख्यालय लखनऊ के पद पर भेजा गया है। यशवीर सिंह कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह अलीगढ़, जालौन, सोनभद्र, गाजीपुर, सिद्धार्थनगर और रायबरेली में एसपी के पद पर तैनात रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें- डीएम के बाद एसपी का भी ट्रांसफर, मुजफ्फरनगर भेजे गए सूरज कुमार राय, पूर्णेन्दु सिंह बने बागपत के नए कप्तान