मतदान कार्मिकों ने फुटपाथ पर गुजारी रात
लोकसभा चुनाव में लगे मतदान कार्मिकों ने फुटपाथ पर रात गुजारी। वजह ईवीएम जमा करने में अधिकांश पोलिग पार्टियों को काफी विलंब हो गया। व्यवस्था में खामी के चलते घर जाने के लिए साधन के अभाव में वह पूरी रात भूखे-प्यासे फुटपाथ पर सुबह होने का इंतजार करते रहे। कई कर्मचारियों की हालत भी खराब हो गई।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: लोकसभा चुनाव में लगे मतदान कार्मिकों ने फुटपाथ पर रात गुजारी। वजह, ईवीएम जमा करने में अधिकांश पोलिग पार्टियों को काफी विलंब हो गया। व्यवस्था में खामी के चलते घर जाने के लिए साधन के अभाव में वह पूरी रात भूखे-प्यासे फुटपाथ पर सुबह होने का इंतजार करते रहे। कई कर्मचारियों की हालत भी खराब हो गई।
चुनाव राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसमें हर किसी की सहभागिता आवश्यक है। व्यवधान डालने वालों के लिए कड़े कानून भी हैं। काम निकालने के लिए इस कानून धौंस देना भी लाजिमी हैं। इससे इतर, मानवीय ²ष्टिकोण अपनाते हुए चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मियों की समस्याओं का भी ध्यान देना चाहिए। चुनाव आयोग की भी इसी मंशा से भारी-भरकम बजट उपलब्ध कराता है।
जनपद में मतदान कार्मिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का तनिक भी ध्यान नहीं दिया गया। प्रशिक्षण, पोलिग पार्टियों के रवानगी व बूथों पर तमाम खामियों के चलते चुनाव ड्यूटी में लगे लोग परेशान रहे। सबसे अधिक समस्या ईवीएम जमा करने के बाद हुई। साधन न होने के कारण जनपद के कोने-कोने से आए कर्मचारी रात को फुटपाथ, घरों व मंडी के चबूतरों पर बैठक सुबह होने का इंतजार करते रहे। इसी दौरान आए अंधड़ व बूंदाबादी ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी। अस्थाई रैन बसेरा की व्यवस्था की गई होती तो यह गतिरोध नहीं आया।
एआरटीओ उदयवीर सिंह ने कहा कि मतदान कार्मिकों को पहुंचाने के लिए अलग से व्यवस्था नहीं की गई थी लेकिन जिलेभर से अधिग्रहीत बड़े व छोटे वाहनों से तमाम कर्मचारी किराया देकर गंतव्य को गए।