पूविवि छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता पर कुलपति की नजर, विद्यार्थियों संग बैठकर किया भोजन
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय कुलपति ने छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता जांची।
HighLights
कुलपति ने छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता का औचक निरीक्षण किया।
विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन कर सीधा फीडबैक लिया।
खाद्य सामग्री की शुद्धता और खरीद में पारदर्शिता के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने सोमवार को विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के छात्रावासों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावासों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, रसोईघर की व्यवस्था, साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे भोजन की गुणवत्ता समेत अन्य सुविधाओं के बारे में सीधे जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने भोजन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली कच्ची खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसकी खरीद के बारे में संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली। उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनकी शुद्धता पर विशेष जोर दिया। दूध, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की खरीद प्रमाणित एवं विश्वसनीय दुकानों से करने के निर्देश दिए।
साथ ही खाद्य सामग्री की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने को कहा।कुलपति ने छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पूछा कि उन्हें भोजन की गुणवत्ता कैसी मिल रही है और व्यवस्थाओं में किसी तरह की परेशानी तो नहीं है। विद्यार्थियों से मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।उन्होंने रसोईघर और भोजनालय की नियमित सफाई कराने के साथ छात्रावास परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।
खाद्य सामग्री की खरीद और भंडारण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक सामग्री का विवरण स्टॉक रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। खरीद के बाद सामग्री की मात्रा और उपलब्ध स्टॉक का नियमित मिलान भी किया जाए। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्हें पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छ वातावरण देना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।