वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान सीसीटीवी से परीक्षा पर नजर
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के कॉलेजों में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गईं। करीब 3.60 लाख विद्यार्थी तीन पालियों में परीक्षा दे रहे हैं, जिसकी निगरानी सीसीटीवी और विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा की जा रही है।

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू सीसीटीवी से कड़ी निगरानी।
HighLights
जौनपुर और गाजीपुर के कॉलेजों में विषम सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू।
करीब 3.60 लाख छात्र तीन पालियों में दे रहे परीक्षा।
सीसीटीवी और प्रशासन की कड़ी निगरानी में हो रही परीक्षा।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के महाविद्यालयों में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गईं। पहले दिन दोनों जिलों के करीब 380 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में यूजी-पीजी के करीब 3.60 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा शुरू हुई। समर्थ पोर्टल से जुड़े विद्यार्थियों के साथ पुराने नियमित और कैरी फॉरवर्ड छात्र-छात्राओं को भी परीक्षा में शामिल किया गया है। परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराने का दावा किया है।
परीक्षा सुबह आठ से 10 बजे, 11 बजे से दोपहर एक बजे और दोपहर दो से शाम चार बजे तक तीन पालियों में कराई जा रही है। पहले दिन विभिन्न पाठ्यक्रमों के निर्धारित विषयों की परीक्षा हुई। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की उपस्थिति, प्रश्नपत्र और उत्तरपुस्तिका वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए केंद्राध्यक्षों और कक्ष निरीक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है।कैरी फॉरवर्ड विद्यार्थियों की परीक्षा के लिए प्रयागराज के हंडिया पीजी कॉलेज, हंडिया को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इसी महाविद्यालय को नोडल केंद्र की जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित केंद्रों को प्रथम पाली में तीनों पालियों की प्रश्नपत्र और उत्तरपुस्तिका सहित परीक्षा सामग्री प्राप्त करनी होगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद सामग्री निर्धारित समय पर नोडल केंद्र पर जमा करानी होगी। केंद्रों पर पर्याप्त बिजली, रोशनी और पेयजल के साथ परीक्षा संचालन की अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने केंद्राध्यक्षों को स्पष्ट किया है कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
ओएमआर में गलती पर केंद्राध्यक्ष-कक्ष निरीक्षक जिम्मेदार
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने ओएमआर शीट में रोल नंबर सहित अन्य आवश्यक प्रविष्टियां सावधानी से भरवाने के निर्देश दिए हैं। किसी भी तरह की त्रुटि होने पर केंद्राध्यक्ष और कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी तय की गई है। विद्यार्थियों की उपस्थिति और अनुपस्थिति का विवरण भी ऑनलाइन दर्ज किया जाना है।