कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारण पर किसानों को उत्तर प्रदेश सरकार देगी पैसा, लाभ पाने के लिए 15 अक्टूबर तक करें आवेदन
उत्तर प्रदेश सरकार आलू उत्पादक किसानों को निजी शीतगृहों में आलू भंडारण पर अनुदान दे रही है। जौनपुर के पात्र ...और पढ़ें

निजी शीतगृहों में भंडारित आलू पर मिलेगा अनुदान।
HighLights
आलू भंडारण पर सरकार दे रही 100 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान।
जौनपुर के किसान 15 अक्टूबर तक योजना का लाभ उठाएं।
अधिकतम दो हेक्टेयर या 200 क्विंटल आलू पर मिलेगा लाभ।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। सरकार द्वारा आलू उत्पादक किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण प्रभार पर अनुदान देने की योजना चलाई जा रही है। जिला उद्यान अधिकारी डा. सीमा सिंह राणा ने बताया कि जनपद के पात्र किसानों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए 15 अक्टूबर तक आवेदन करना अनिवार्य है।
योजना के तहत प्रति कृषक अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्रफल व 200 क्विंटल आलू के भंडारण पर 100 प्रति क्विंटल की दर से अनुदान दिया जाएगा। इसका लाभ पट्टाधारक किसानों को भी मिलेगा। पात्रता का निर्धारण परिवार रजिस्टर व भू-अभिलेखों के आधार पर होगा। परिवार के सदस्यों को उनके दर्ज रकबे के अनुसार पृथक-पृथक लाभ मिलेगा।
जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि अनुदान की राशि भंडारित आलू की निकासी के बाद सीधे लाभार्थियों के आधार-लिंक बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
लाभ लेने के लिए किसानों को ई-केवाईसी, बैंक पासबुक, अद्यतन खसरा-खतौनी और कोल्ड स्टोरेज द्वारा जारी आमद, भंडारण, भुगतान, निकासी रसीद व गेट पास प्रस्तुत करना होगा।
किसान संबंधित कोल्ड स्टोरेज पर जाकर या विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सत्यापन में किसी बाधा से बचने के लिए किसान अपने आधार, बैंक खाते और भू-अभिलेखों के विवरण का मिलान अवश्य कर लें।
यह भी पढ़ें- यूपी में होगा बंपर निवेश, जापानी कंपनी नोएडा और मथुरा में लगाएगी ग्रीन हाईड्रोजन प्लांट
