जौनपुर में दो कारों में टक्कर, एयर बैग खुलने से बची दूल्हा-दुल्हन की जान
जौनपुर में वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो कारों की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एयरबैग खुलने से ऑडी कार में सवार दूल्हा-दुल्हन की जान बच गई, जबकि दूल्हे के छोटे भाई को मामूली चोटें आईं।

दो कारों में टक्कर, एयर बैग खुलने से बच गई दूल्हा-दुल्हन की जान।
HighLights
जौनपुर में वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर दो कारों की टक्कर।
एयरबैग खुलने से दूल्हा-दुल्हन सुरक्षित बचे हादसे में।
अर्टिगा चालक की गलती से हुआ यह भीषण हादसा।
जागरण संवाददाता, नौपेड़वा (जौनपुर)। वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बक्शा थाना क्षेत्र के शिवगुलामगंज में यू-टर्न के पास रविवार सुबह दो कारों में जोरदार टक्कर हो गईं। आडी कार में सवार दूल्हा-दुल्हन एयरबैग समय से खुल जाने से बच गए।
दूल्हे के छोटे भाई को मामूली चोटें आईं हैं। बुरी तरह से क्षतिग्रस्त दोनों कारों को कब्जे में लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। अयोध्या के इनायत नगर थाना क्षेत्र के ग्राम खिहारन बारुन निवासी कुलदीप मिश्र के पुत्र का शनिवार को वाराणसी में विवाह हुआ। दूल्हा-दुल्हन व सहबाला विदाई के बाद कार से अयोध्या लौट रहे थे।
कार शिवगुलामगंज में यू-टर्न के पास पहुंची तो गलत दिशा से आ रही अर्टिगा कार का चालक अचानक यू-टर्न लेने लगा। परिणामत: दोनों कारों में जोरदार टक्कर हो गई। अनियंत्रित अर्टिगा कार टक्कर के बाद डिवाइडर पर चढ़ गई।
आडी कार में लगा एयरबैग हादसे के बाद तुरंत खुल जाने से दुल्हन व दूल्हा बच गए। थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया कि सवार लोग दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।