अपहरण में तीन ने साल भर काटे जेल, वह लौटा घर
क्षेत्र के बछाड़ी गांव की यह घटना अजब-गजब है। दो साल पूर्व एक युवक लापता हो गया। उसकी मां ने गांव के तीन युवकों पर अपहरण कर हत्या किए जाने का आरोप लगा दिया। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। अदालत ने आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। उच्च न्यायालय के आदेश पर करीब साल भर जमानत पर छूटे। परीक्षण के बाद अदालत ने तीनों को दोष मुक्त कर दिया। इसके करीब चार महीने बाद कथित अपहृत युवक घर लौट आया।
जागरण संवाददाता, ¨सगरामऊ (जौनपुर): क्षेत्र के बछाड़ी गांव की यह घटना अजब-गजब है। दो साल पूर्व एक युवक लापता हो गया। उसकी मां ने गांव के तीन युवकों पर अपहरण कर हत्या किए जाने का आरोप लगा दिया। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। अदालत ने आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। उच्च न्यायालय के आदेश पर करीब साल भर जमानत पर छूटे। परीक्षण के बाद अदालत ने तीनों को दोष मुक्त कर दिया। इसके करीब चार महीने बाद कथित अपहृत युवक घर लौट आया। आरोपितों ने पुलिस को सूचना देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्हें डर है कि फिर किसी झूठे आरोप में उन्हें युवक या उसके परिजन फंसा सकते हैं।
बछाड़ी गांव निवासी आकाश दो साल पहले अचानक लापता हो गया। उसकी मां संगीता देवी ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि क्रिकेट खेलने के विवाद में गांव के ही पवन कुमार, अखिलेश व इंद्रेश तीन सितंबर 2016 को दोपहर एक बजे आकाश को बाइक पर बैठाकर अगवा कर ले गए। उसने आशंका जताई कि तीनों ने उसके पुत्र की हत्या कर लाश गायब कर दी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। अदालत ने आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। साल भर बीतने के बाद उच्च न्यायालय के आदेश पर तीनों जमानत पर रिहा हुए। मुकदमा चलता रहा। साक्ष्यों के अभाव में अदालत ने 25 जुलाई को आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया। साथ ही अदालत ने वादिनी संगीता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नोटिस जारी कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया। इस प्रकरण में नाटकीय मोड़ मंगलवार को उस समय आया जब कथित तौर पर अपहृत आकाश घर लौट आया। उसके घर लौटते ही खुशियां छा गईं। पवन व अन्य आरोपितों ने गुरुवार को थाने में सूचना देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्हें इस बात का भय सता रहा है कि कहीं आकाश या उसके परिजन कोई और आरोप लगाकर उन्हें फंसा न दें। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।