विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर में मोबाइल हैक कर 75 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के तीन साइबर क्रि‍म‍िनल गिरफ्तार

By sarvesh1 mishra Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 13 Oct 2026 05:05 PM (IST)

जौनपुर पुलिस ने मैनेजर का व्हाट्सएप हैक कर 75 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन ...और पढ़ें

जौनपुर में व्हाट्सएप हैक कर 75 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार।

जौनपुर में व्हाट्सएप हैक कर 75 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार।

HighLights

  1. जौनपुर में 75 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा।

  2. अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, व्हाट्सएप हैक कर ठगी।

  3. पुलिस ने 1.55 करोड़ रुपये खातों में होल्ड कराए।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। मैनेजर का वाट्सएप हैक कर चैटिंग के जरिए 75 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन एंड्रायड मोबाइल फोन, नेपाली मोबाइल नंबर और एक चेकबुक बरामद हुई है।

पुलिस ने खातों में साइबर ठगी के करीब एक करोड़ 55 लाख रुपये होल्ड कराए हैं। धनराशि वापस कराने की प्रक्रिया चल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महराजगंज जिले के सोनौली निवासी विनोद कुमार मिश्रा, बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के सेमरा निवासी लवकेश कुमार सिंह और महराजगंज जिले के चौक क्षेत्र के नक्सा बक्सा गांव निवासी कमल यादव के रूप में हुई है।

आठ अक्टूबर को साइबर क्राइम थाने में 75 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। विवेचना में पता चला कि साइबर अपराधियों ने वादी के मैनेजर का वाट्सएप हैक कर चैटिंग के माध्यम से दो बैंक खातों में रकम मंगाई। इनमें एक खाते में 45 लाख और दूसरे में 30 लाख रुपये भेजे गए थे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह कमीशन के लालच में लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनमें ठगी की रकम मंगाता था और फिर उसे दूसरे खातों में स्थानांतरित कर देता था।

छह शिकायतें अन्य राज्यों में भी दर्ज
पुलिस की जांच में दोनों खातों में करीब एक करोड़ 83 लाख रुपये की साइबर ठगी की रकम आने की जानकारी मिली है। इनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और बिहार में भी साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं।