विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर से यूपी एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 में अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर ठगी करने वालों को पकड़ा

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 11 Jun 2026 07:06 PM (IST)

एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 में अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना राजू ...और पढ़ें

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा ठगी: जौनपुर में एसटीएफ ने मुख्य सरगना सहित दो को दबोचा।

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा ठगी: जौनपुर में एसटीएफ ने मुख्य सरगना सहित दो को दबोचा।

HighLights

  1. यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा ठगी गिरोह का भंडाफोड़।

  2. मुख्य सरगना राजू कुमार मांझी और सदस्य छोटे लाल यादव गिरफ्तार।

  3. जौनपुर में एसटीएफ ने की बड़ी कार्रवाई, सामग्री बरामद।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 में अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का मुख्य सरगना और एक सक्रिय सदस्य गिरफ्तार किया गया है। दिनांक 10-06-2026 को एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने इस गिरोह के सरगना राजू कुमार मांझी और सदस्य छोटे लाल यादव को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण इस प्रकार है: राजू कुमार मांझी, पुत्र सुनील मांझी, निवासी ग्राम हकाम, थाना मुफस्सिल, जनपद सिवान, बिहार, हाल पता शांतिकुंज अपार्टमेंट, टैगोर टाउन, प्रयागराज। छोटे लाल यादव, पुत्र शारदा प्रसाद यादव, निवासी ग्राम बड़ागांव, थाना मुगरा बादशाहपुर, जौनपुर।

गिरफ्तारी के दौरान 21 अदद प्रवेश पत्र की छायाप्रति, 02 अदद मोबाइल फोन, 03 अदद चेक की छायाप्रति, 03 अदद आधार कार्ड की छायाप्रति, 04 अदद अंकपत्र की छायाप्रति, और 13 अदद व्हाट्सएप चैट की प्रति सामग्री बरामद की गई। यह गिरफ्तारी मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र, जनपद जौनपुर में बुधवार की रात 19.45 बजे की गई।

उपरोक्त गिरोह ने उप्र पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 से संबंधित अभ्यर्थियों से धन उगाही का प्रयास किया और परीक्षा में नकल कराने का प्रयास किया। शासन और उच्च अधिकारियों द्वारा इस गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इस क्रम में शैलेश प्रताप सिंह, पुलिस उपाधीक्षक, एसटीएफ फील्ड इकाई, प्रयागराज के पर्यवेक्षण में निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में एक टीम द्वारा अभिसूचना संकलन की कार्रवाई की जा रही थी।

बुधवार को उपनिरीक्षक विनय तिवारी, मुख्य आरक्षीगण हबीब सिद्दीकी, संतोष कुमार, अमित शर्मा, प्रवीण जायसवाल और आरक्षी चालक रविकांत सिंह की टीम जनपद प्रयागराज और जौनपुर में आपराधिक अभिसूचना संकलन में भ्रमणशील थी। मुखबिर और संकलित सूचना के आधार पर गिरोह के सरगना राजू कुमार मांझी और सक्रिय सदस्य छोटे लाल यादव को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में राजू कुमार मांझी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को पास कराने का प्रलोभन देकर उनसे मोटी रकम वसूलता है। इस कार्य में छोटे लाल यादव और अन्य साथी भी शामिल हैं, जो अभ्यर्थियों की तलाश करते हैं और उनसे प्रवेश पत्र लेकर पैसे की वसूली करते हैं। वर्ष 2022 में भी राजू कुमार मांझी को नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना मुंगरा बादशाहपुर, जनपद जौनपुर में अभियोग पंजीकृत किया गया है।