मेडिकल कॉलेज के अधूरे निर्माण पर प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा ने प्राचार्य को लखनऊ तलब किया
जौनपुर के उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज में अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा ने प्राचार्य को 17 ...और पढ़ें

जौनपुर मेडिकल कॉलेज के अधूरे निर्माण पर प्रमुख सचिव ने प्राचार्य को लखनऊ बुलाया।
HighLights
अधूरे निर्माण पर प्रमुख सचिव ने प्राचार्य को लखनऊ बुलाया।
17 नवंबर को होगी बैठक, जिला प्रशासन भी शामिल।
चिकित्सा सेवाओं पर पड़ रहे असर पर होगी चर्चा।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सिद्धीकपुर में लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर शासन ने गंभीरता दिखाई है। प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. आरबी कमल को 17 नवंबर को लखनऊ में तलब किया है। बैठक में जौनपुर जिला प्रशासन के अधिकारी भी शामिल होंगे। इसमें मेडिकल कॉलेज के अधूरे निर्माण कार्यों और इसके कारण चिकित्सा सेवाओं के संचालन में आ रही दिक्कतों पर चर्चा होने की संभावना है।
मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रस्तावित जी प्लस पांच भवन का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है। वर्तमान में ग्राउंड फ्लोर, प्रथम और द्वितीय तल का निर्माण हुआ है, जबकि द्वितीय तल का काम भी पूरी तरह पूर्ण नहीं है। तीसरे, चौथे और पांचवें तल का निर्माण अब तक अधूरा है।
लंबे समय से निर्माण कार्य की गति प्रभावित होने के कारण भवन का उपयोग उसकी निर्धारित क्षमता के अनुरूप नहीं हो पा रहा है।निर्माण पूरा न होने का सीधा असर चिकित्सा सेवाओं पर भी पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी संचालित हो रही है, जबकि आइपीडी की व्यवस्था फिलहाल सीमित क्षमता में चल रही है।
मरीजों के लिए बेड की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पा रही है। हड्डी रोग समेत कई इकाइयों को भी अपेक्षित स्तर पर संचालित करने में कठिनाई आ रही है। यदि भवन का निर्माण समय से पूरा हो गया होता तो अस्पताल की सेवाओं का विस्तार और अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकता था। प्रमुख सचिव की ओर से प्राचार्य को लखनऊ बुलाए जाने को लंबे समय से लंबित निर्माण कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक में निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्य में देरी के कारण और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा होने की उम्मीद है। शासन स्तर पर निर्माण कार्य में तेजी आने के बाद मेडिकल कॉलेज की आइपीडी और अन्य चिकित्सा सेवाओं को निर्धारित क्षमता के अनुरूप संचालित करने का रास्ता साफ हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।