दूल्हे ने सास-ससुर को पीटा, बैरंग लौटी बरात
मारपीट में फूफा का सिर फट जाने से गुस्साए शादी के बाद कोहबर में बैठे दूल्हे ने सास-ससुर की पिटाई करने के साथ ही ददिया सास को धक्का देकर गिरा दिया। इसके चलते बात इस कदर बिगड़ गई कि कन्या पक्ष ने दूल्हे के शराबी होने का आरोप लगाते हुए विदाई करने से इन्कार कर दिया। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बनी और बरात बैरंग लौट गई। घटना नेवढि़या थाना के चत्तुरपुर गांव की है।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: मारपीट में फूफा का सिर फट जाने से गुस्साए शादी के बाद कोहबर में बैठे दूल्हे ने सास-ससुर की पिटाई करने के साथ ही ददिया सास को धक्का देकर गिरा दिया। इसके चलते बात इस कदर बिगड़ गई कि कन्या पक्ष ने दूल्हे के शराबी होने का आरोप लगाते हुए विदाई करने से इन्कार कर दिया। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बनी और बरात बैरंग लौट गई। घटना नेवढि़या थाना के चत्तुरपुर गांव की है।
गांव के राम सेवक पटेल ने अपनी बेटी सुमन की शादी बोड़रापुर गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद पटेल के बेटे जितेंद्र के साथ तय की थी। मंगलवार की शाम निर्धारित समय पर बरात पहुंची तो घरातियों ने खूब आवभगत की। वरयात्रा के समय डीजे पर डांस को लेकर शराब के नशे में कुछ बराती घरातियों से मारपीट कर बैठे। इसमें दूल्हे के फूफा जयसिंहपुर निवासी लाल साहब पटेल का सिर फट गया। लोगों के बीच-बचाव पर मामला शांत हो गया। द्वारचार के बाद शादी हुई। दूल्हे को कोहबर में ले जाकर रस्म पूरी कराई जा रही थी। उधर, जनवासे में चल रहे आर्केस्ट्रा का मनोरंजन कर रहे लाल साहब पटेल के सिर से फिर खून बहने लगा। इसकी जानकारी होते ही दूल्हा आपा खो बैठा। उसने कोहबर में ही सास दुर्गावती देवी व ससुर राम सेवक की पिटाई कर दी। बीच-बचाव कर रही दुल्हन की दादी पतिराजी देवी को धक्का देकर गिरा दिया।
राम सेवक पटेल की सूचना पर यूपी-100 की पुलिस टीम मौके पर आ गई। दूल्हा पक्ष के लोग मान-मनौव्वल करने लगे लेकिन कन्या पक्ष ने दूल्हे के शराबी होने का आरोप लगाते हुए विदाई करने से इन्कार कर दिया। इतना ही नहीं मंडप आदि उखाड़कर फेंक दिया। सुलह-समझौते की सभी कोशिशें नाकाम होने पर बरात बिन दुल्हन वापस लौट गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप