शिक्षा से ही तय होगा बच्चों व युवाओं का भविष्य: बाबू सिंह कुशवाहा
जौनपुर के बदलापुर में शैक्षिक महाकुंभ कार्यक्रम में सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने 700 से अधिक मेधावी छात्रों और आठ ...और पढ़ें

सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा शिक्षा ही बच्चों और युवाओं का भविष्य तय करेगी।
HighLights
सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने 700 से अधिक छात्रों को सम्मानित किया।
शिक्षा को समाज और देश के विकास की सबसे मजबूत नींव बताया।
ग्रामीण बच्चों को बेहतर अवसर और उचित मार्गदर्शन मिलने की जरूरत।
जागरण संवाददाता, बदलापुर (जौनपुर)। कस्बे के विद्यावती रिसार्ट में रविवार को शैक्षिक महाकुंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 700 छात्र-छात्राओं व सरकारी नौकरी हासिल करने वाले आठ मेधावियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने मेधावियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा को समाज और देश के विकास की सबसे मजबूत नींव बताया।
उन्होंने कहा कि मैं राजनीति किसी शौक के लिए नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं का भविष्य संवारने तथा राजनीति और सामाजिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए करता हूं। शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज में वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है। जब बच्चे शिक्षित होंगे, तभी वे अपने अधिकारों को समझ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों में भी आगे बढ़ने की भरपूर क्षमता है। जरूरत है कि उन्हें बेहतर अवसर और उचित मार्गदर्शन मिले। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने तथा आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उनकी शिक्षा जारी रखने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य व संचालन रमेश मौर्य ने किया। इस अवसर पर पूर्व एम एलसी लीलावती कुशवाहा, पूनम मौर्य राम जतन यादव, ज्ञानप्रकाश मौर्य, विजय, जीतेन्द्र, राकेश मौर्य, राम अवतार मौर्य, बलबीर गौड़ आदि उपस्थित थे। आभार आयोजक आशीष मौर्य ने व्यक्त किया।