जौनपुर में दांत खोदते समय पेट में सुई जाने से किशोर की बिगड़ी हालत, गंभीर हाल में अस्पताल में भर्ती
जौनपुर के मछलीशहर में दांत खोदते समय 13 वर्षीय किशोर के पेट में सुई चली गई, जिससे उसकी हालत गंभीर ...और पढ़ें

जौनपुर में दांत खोदते समय किशोर के पेट में गई सुई, प्रयागराज में सफल ऑपरेशन।
HighLights
13 वर्षीय किशोर के पेट में दांत खोदते समय सुई गई।
जौनपुर से प्रयागराज रेफर, हालत हुई गंभीर।
शांति विलास अस्पताल में सफल ऑपरेशन, अब स्थिति स्थिर।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। मछलीशहर के तिलौरा (मिश्रकपुर) गांव में 13 वर्षीय किशोर के पेट में सुई चले जाने से हालत बिगड़ गई। घरवाले उसे जौनपुर स्थित राजकुमार सुपर स्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने गंभीर हालत देख रेफर कर दिया। प्रयागराज स्थित शांति विलास अस्पताल आपरेशन कर सुई निकालने के बाद अब हालत स्थिर बताई जा रही है।
गांव निवासी अजय मौर्य उर्फ पिंटू का पुत्र हर्ष मंगलवार को घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह कपड़ा सिलाई करने वाली सुई से दांत खोदने लगा। इसी बीच असावधानी से अचानक सुई उसके पेट में चली गई। डर की वजह से उसने घटना की जानकारी घरवालों को नहीं दी व चारपाई पर जाकर लेट गया।
कुछ देर बाद पेट में दर्द होने के साथ ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसकी हालत देखकर स्वजन घबरा गए व पास के एक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से जवाब मिलने पर उसे शहर के राजकुमार सुपर स्पेशलिटी अस्पताल लेकर आकर गए। अल्ट्रासाउंड में पेट में सुई दिखने के बाद डाक्टर ने रेफर कर दिया।
परेशान घर वाले हर्ष को प्रयागराज स्थित शांति विलास अस्पताल लेकर पहुंचे। पीड़ित के पिता अजय कुमार ने बताया कि प्रयागराज में डाक्टरों ने बुधवार को आपरेशन कर सुई निकाल दी है व हालत अब खतरे से बाहर है। हालांकि परिजनाें की चिंंता बनी हुई है।