विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उपाधि, माइग्रेशन व प्रोविजनल के लिए छात्रों को नहीं लगाने होंगे अलग-अलग चक्कर:परीक्षा नियंत्रक

By khalid shah Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 26 Nov 2026 06:37 PM (IST)

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने छात्रों को उपाधि, माइग्रेशन और प्रोविजनल प्रमाणपत्र एक ही दिन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इससे छात्रों को बार-बार विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और परेशानी बचेगी।

जौनपुर:पूर्वांचल विश्वविद्यालय के माइग्रेशन एवं प्रोविजनल-उपाधि विभाग में कर्मचारियों से जानकारी लेते कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह। जागरण

जौनपुर:पूर्वांचल विश्वविद्यालय के माइग्रेशन एवं प्रोविजनल-उपाधि विभाग में कर्मचारियों से जानकारी लेते कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह। जागरण

HighLights

  1. छात्रों को उपाधि, माइग्रेशन, प्रोविजनल प्रमाणपत्र एक साथ मिलेंगे।

  2. विश्वविद्यालय अब निर्धारित तिथि पर प्रमाणपत्र उपलब्ध कराएगा।

  3. दूरदराज के छात्रों को बार-बार आने से मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में उपाधि, माइग्रेशन और प्रोविजनल प्रमाणपत्र के लिए छात्र-छात्राओं को अलग-अलग दिन विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आवेदन के बाद निर्धारित तिथि पर संबंधित पाठ्यक्रम के छात्रों को तीनों प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाने की तैयारी है।

इसके लिए जल्द ही विश्वविद्यालय स्तर से आदेश जारी किया जाएगा।कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने गुरुवार को परीक्षा विभाग, माइग्रेशन विभाग तथा प्रोविजनल एवं उपाधि विभाग का निरीक्षण कर छात्रहित में व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से प्रमाणपत्रों के लिए प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण और छात्रों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आवेदन के बाद किसी छात्र-छात्रा को अनावश्यक रूप से विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें। संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए निर्धारित दिन पर प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रस्तावित व्यवस्था में स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी, बीकॉम और बीएससी कृषि के छात्रों के लिए तिथि निर्धारित की जाएगी। इसी तरह स्नातकोत्तर स्तर पर एमए, एमएससी, एमकॉम और एमएससी कृषि के छात्रों के लिए अलग तिथि तय होगी। संबंधित तिथि पर इन पाठ्यक्रमों के छात्र उपाधि, माइग्रेशन और प्रोविजनल प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकेंगे।

व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में बीएड, एमएड, बीपीएड, एमपीएड, एलएलबी और एलएलएम आदि के लिए भी अलग तिथि निर्धारित करने की योजना है। इससे छात्रों को आवेदन के बाद प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए बार-बार विश्वविद्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी।

कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक ने विभागीय कर्मचारियों को निर्देश दिया कि छात्रहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने के बाद दूरदराज से आने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से राहत मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।