विपक्षी को फंसाने के लिए साथी को ही मारी गोली
सरांवा गांव में शुक्रवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद के बाद विपक्षी को फंसाने की नीयत से एक व्यक्ति ने अपने दोस्त को गोली मार दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरंभिक छानबीन के बाद फरार मुख्य आरोपित के चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना चर्चा का विषय बन गई है।
जासं, मछलीशहर (जौनपुर): सरांवा गांव में शुक्रवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद के बाद विपक्षी को फंसाने की नीयत से एक व्यक्ति ने अपने दोस्त को ही गोली मार दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रारंभिक छानबीन के बाद फरार मुख्य आरोपित के चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि सरांवा गांव के जय नारायण यादव व विपिन यादव के बीच कई वर्षों से रंजिश चली आ रही है। शुक्रवार को भी दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद विपिन ने जय नारायण को फंसाने के लिए प्लान तैयार किया। उसने अपने घर चार दोस्तों को बुलाकर दावत दी। खाने-पीने के बाद रात करीब दस बजे सभी जय नारायण के घर पर पहुंचे और दो राउंड गोली चलाई। एक गोली अपने ही दोस्त सूरज पाठक के हाथ में मार दी। गोलियां चलने से गांव में दहशत का माहौल बन गया। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो विपिन ने जय नारायण पक्ष पर गोली मारने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की छानबीन करने लगी तो विपिन राजफाश होता देख फरार हो गया। पुलिस ने सूरज पाठक का सीएचसी में ले जाकर उपचार करायी। इसके बाद विपिन, प्रवेश, सूरज, पवन व सुनील यादव के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। असलहा समेत फरार विपिन की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।