पूर्वांचल विश्वविद्यालय की पुरुष हॉकी टीम पूर्वी क्षेत्र में बनी चैंपियन, रांची, काशी विद्यापीठ और बीएचयू को दी शिकस्त
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की पुरुष हॉकी टीम ने पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में चैंपियन का खिताब ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय पुरुष हॉकी टीम ने पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में लहराया परचम।
HighLights
पूर्वांचल विश्वविद्यालय पुरुष हॉकी टीम बनी पूर्वी क्षेत्र चैंपियन।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित हुई प्रतियोगिता।
रांची, काशी विद्यापीठ और बीएचयू को दी शिकस्त।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की पुरुष हॉकी टीम ने पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी में 27 से 31 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम ने दमदार खेल, बेहतर तालमेल और आक्रामक रणनीति के दम पर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। चार मुकाबलों में तीन जीत और एक बराबरी के साथ टीम ने अपनी श्रेष्ठता साबित की।
प्रतियोगिता में पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने रांची विश्वविद्यालय को 8-3 गोल के बड़े अंतर से पराजित कर शानदार शुरुआत की। इसके बाद संबलपुर विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर के साथ मुकाबला 4-4 गोल से बराबरी पर छूटा। टीम ने इस प्रदर्शन से मिली लय को बरकरार रखते हुए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी को 3-0 से शिकस्त दी। वहीं, मेजबान बीएचयू की टीम को 6-2 गोल से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
प्रतियोगिता में ऐतिहासिक सफलता के बाद टीम के कप्तान बृजेश यादव ने कुलपति प्रो. आरके सिंह को विजेता ट्रॉफी भेंट की। इस अवसर पर कुलपति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए पूरी टीम, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और सामूहिक प्रयास से विश्वविद्यालय को यह गौरव प्राप्त हुआ है।टीम के कोच इंद्रदेव और मैनेजर रजनीश सिंह सहित खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान खेलकूद परिषद के सचिव प्रो. शेखर सिंह,खेल सहायक रजनीश सिंह,अशोक सिंह,विजय प्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।