जौनपुर में उपाधि के लिए छुट्टी के बाद फिर पूर्वांचल विश्वविद्यालय दौड़े छात्र, वितरण में देरी से रोष
दीपावली के बाद पूर्वांचल विश्वविद्यालय में उपाधि लेने पहुंचे छात्रों को 10-15 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में उपाधि वितरण में देरी से छात्रों में रोष।
HighLights
दीपावली बाद उपाधि लेने उमड़ी छात्रों की भीड़।
उपाधि मिलने में 10-15 दिन की देरी से छात्र परेशान।
छात्रों ने समान व समयबद्ध उपाधि वितरण की मांग की।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। दीपावली की छुट्टी के बाद गुरुवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय खुला तो उपाधि लेने के लिए फिर विद्यार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उपाधि पटल पर सुबह से ही छात्र-छात्राओं की कतार लगी रही। विद्यार्थियों का कहना है कि आवेदन और अभिलेख जमा करने के बाद उपाधि मिलने में 10 से 15 दिन का समय बताया जा रहा है, जबकि सामान्य स्थिति में एक-दो दिन में यह प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए।
उपाधि लेने पहुंचे विद्यार्थियों ने बताया कि आवेदन करने के बाद उन्हें कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। उपाधि के लिए दोबारा विश्वविद्यालय आने पर भी प्रक्रिया पूरी नहीं होने से परेशानी बढ़ रही है। दूर-दराज के जिलों से आने वाले विद्यार्थियों को इसके लिए समय और पैसा दोनों खर्च करना पड़ रहा है।
विद्यार्थियों का आरोप है कि उपाधि तैयार करने में सभी के लिए एक समान समय नहीं लग रहा है। कुछ विद्यार्थियों को आवेदन के दिन ही उपाधि उपलब्ध करा दी जाती है, जबकि अन्य को कई दिनों बाद आने के लिए कहा जाता है। इसे लेकर विद्यार्थियों में भेदभाव की शिकायत भी सामने आ रही है।
उनका कहना है कि यदि दस्तावेज और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी है तो उपाधि देने के लिए सभी के साथ समान व्यवस्था होनी चाहिए।गुरुवार को विश्वविद्यालय में उमड़ी भीड़ ने उपाधि वितरण व्यवस्था की स्थिति सामने ला दी। विद्यार्थियों ने मांग की कि आवेदन, सत्यापन और उपाधि वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध की जाए और सभी विद्यार्थियों के लिए समान व्यवस्था लागू हो, ताकि किसी को बार-बार विश्वविद्यालय की दौड़ न लगानी पड़े।
नौकरी और प्रवेश के लिए जरूरी है उपाधि
विद्यार्थियों ने बताया कि नौकरी, प्रवेश और अन्य शैक्षणिक कार्यों में उपाधि अथवा संबंधित दस्तावेज की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में उपाधि के लिए लंबे समय तक इंतजार करना परेशानी का कारण बन रहा है। विद्यार्थियों का कहना है कि उपाधि तैयार करने की प्रक्रिया को अधिकतम एक-दो दिन में पूरा करने की व्यवस्था होनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।