पूर्वांचल यूनिवर्सिटी में डिग्री के लिए अब नहीं करना होगा लंबा इंतजार, दो दिन में निस्तारण के निर्देश
दैनिक जागरण की खबर के बाद पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति ने डिग्री वितरण में देरी का संज्ञान लिया। उन्होंने शनिवार-रविवार ...और पढ़ें

पूर्वांचल यूनिवर्सिटी में डिग्री के लिए अब नहीं करना होगा लंबा इंतजार।
HighLights
कुलपति ने डिग्री विभाग का औचक निरीक्षण किया।
शनिवार-रविवार को विभाग खोलने के निर्देश दिए।
लंबित डिग्रियों का तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में डिग्री वितरण में हो रही देरी की समस्या को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद शुक्रवार को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने डिग्री विभाग का औचक निरीक्षण किया।
वहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भीड़ मिली।कुलपति ने छात्रों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। शिकायतों के बाद उन्होंने शनिवार और रविवार को भी डिग्री विभाग खोलकर अब तक लंबित आवेदनों की डिग्री तैयार कर वितरित करने का निर्देश दिया है।
सोमवार को जो डिग्रियां बच जाएंगी, उनके वितरण के लिए आगे की व्यवस्था तय की जाएगी।निरीक्षण के दौरान छात्रों ने बताया कि अंकपत्र का सत्यापन कराने के बाद भी डिग्री के लिए 10 से 15 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।
कई छात्रों ने कहा कि डिग्री तैयार होने के बावजूद उन्हें समय से उपलब्ध नहीं कराया जाता।नौकरी, उच्च शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए डिग्री की आवश्यकता होने से छात्रों को बार-बार विश्वविद्यालय आना पड़ रहा है।
छात्रों की शिकायत सुनने के बाद कुलपति ने विभागीय कर्मचारियों से पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सत्यापन के बाद यदि डिग्री तैयार हो जाती है तो उसे अनावश्यक रूप से रोककर रखने का कोई औचित्य नहीं है।
तैयार डिग्रियों का तत्काल वितरण किया जाए। कुलपति के निर्देश के बाद शनिवार और रविवार को डिग्री विभाग खोलकर लंबित आवेदनों के निस्तारण की व्यवस्था की गई है।
अतिरिक्त कर्मचारियों की लगाई ड्यूटी
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह और कुलसचिव-परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने डिग्री वितरण में तेजी लाने के लिए बैठक की। इसमें परीक्षा और गोपनीय विभाग के अतिरिक्त कर्मचारियों को डिग्री विभाग में लगाने का निर्णय लिया गया। कर्मचारियों को अलमारी में लंबित पड़ी तैयार डिग्रियों को निकालकर संबंधित छात्रों को उपलब्ध कराने और नए आवेदनों का भी तेजी से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
दैनिक जागरण ने पहले उठाया था मामला
डिग्री के लिए छात्रों को 10 से 15 दिन तक इंतजार कराने और तैयार डिग्रियों के वितरण में देरी की समस्या को दैनिक जागरण ने पहले ही प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया।
इसके बाद कुलपति ने स्वयं डिग्री विभाग पहुंचकर स्थिति देखी और छात्रों से सीधे बातचीत की। निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं के आधार पर तत्काल दो दिन कार्यालय खोलने और लंबित डिग्रियों के वितरण में तेजी लाने का निर्णय लिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।