पूर्वांचल विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल पर प्रवेश में अपार आईडी की अनिवार्यता खत्म
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने समर्थ पोर्टल पर सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए अपार आईडी की अनिवार्यता समाप्त कर दी है।

समर्थ पोर्टल पर प्रवेश में अपार आईडी की अनिवार्यता खत्म।
HighLights
अपार आईडी की अनिवार्यता समर्थ पोर्टल प्रवेश से हटाई गई।
कुलपति के आदेश पर छात्रों और प्राचार्यों के अनुरोध पर निर्णय।
20 सितंबर तक पंजीकरण, पाठ्यक्रम चयन प्रक्रिया पूरी करें।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण के समय अपार आईडी का प्रमाणीकरण अब अनिवार्य नहीं रहेगा। महाविद्यालयों के प्राचार्य-प्राचार्या और विद्यार्थियों के अनुरोध पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के आदेश के क्रम में यह अनिवार्यता हटा दी गई है।
कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने सभी संबंधित महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि अपार आईडी के अभाव में जिन विद्यार्थियों का पंजीकरण नहीं हो सका है, उनका समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण, पाठ्यक्रम चयन और प्रवेश ग्रांट की प्रक्रिया 20 सितंबर तक पूरी करा दी जाए।
आदेश में कहा गया है कि स्नातक स्तर पर जिन विद्यार्थियों की अपार आईडी नहीं बन सकी है, वे भी समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर प्रवेश ले सकेंगे। पंजीकरण पूरा होने के बाद संबंधित विद्यार्थियों की अपार आईडी विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी महाविद्यालय की होगी।
कुलसचिव ने महाविद्यालयों को विद्यार्थी का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, नवीनतम फोटो और पाठ्यक्रम का चयन करते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
समर्थ पोर्टल पर डाटा अपलोड होने के बाद किसी प्रकार का परिवर्तन या संशोधन संभव नहीं होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 20 सितंबर के बाद प्रवेश की तिथि विस्तारित नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें- यात्रीगण कृपया ध्यान दें... गाजीपुर से गुजरने वाली कई ट्रेनों के बदले रूट, 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रहेंगी डायवर्ट
