विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था से प्रसव के प्रति बढ़ा आमजन का विश्वास

By Akhilesh Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 04:10 PM (IST)

जौनपुर में सरकारी अस्पतालों में प्रसव के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है, जिससे अक्टूबर माह में प्रसव के आंकड़ों ...और पढ़ें

अक्टूबर माह में जिले के अस्पतालों में हुए 3809 सामान्य प्रसव और 371 सीजर।

अक्टूबर माह में जिले के अस्पतालों में हुए 3809 सामान्य प्रसव और 371 सीजर।

HighLights

  1. सरकारी अस्पतालों में प्रसव के प्रति विश्वास बढ़ा।

  2. अक्टूबर में प्रसव के आंकड़े काफी बेहतर हुए।

  3. अधिकारियों की पत्नियों ने सरकारी अस्पताल में प्रसव कराया।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। प्रसव के दौरान होने वाली प्रसूताओं व शिशुओं की मौत के आंकड़ों को कम करने और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाएं अब धरातल पर रंग दिखाने लगी हैं। सुरक्षित प्रसव को लेकर जहां एक ओर लोगों का सरकारी अस्पतालों के प्रति विश्वास तेजी से बढ़ा है, वहीं इसका प्रत्यक्ष प्रमाण जिले में बढ़े प्रसव के आंकड़ों के रूप में सामने आ रहा है।

स्वास्थ्य विभाग से मिले अक्टूबर माह के आंकड़ों पर गौर करें तो यह साफ हो जाता है कि अब लोग प्राइवेट अस्पतालों की बजाय सरकारी महकमों पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं। प्रसव के दौरान आने वाली दुश्वारियों और जटिलताओं को दूर करने के लिए अस्पतालों में प्रसव पूर्व जांच, जीवनरक्षक दवाएं और उच्चस्तरीय उपचार की मुकम्मल व्यवस्था की गई है।

उच्च जोखिम वाली (हाई रिस्क) गर्भवती महिलाओं की समय रहते पहचान कर उनका विशेष उपचार किया जा रहा है, ताकि उन्हें किसी भी खतरे से बचाया जा सके। वर्तमान में जनपद के जिला महिला चिकित्सालय समेत सभी 22 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसव की सुविधा उपलब्ध है। वहीं, जिला महिला अस्पताल व पांच एफआरयू केंद्रों पर सुरक्षित सीजर (ऑपरेशन) किए जा रहे हैं।

सोनभद्र में मुख्य विकास अधिकारी की पत्नी का सरकारी अस्पताल में प्रसव होने और इससे पूर्व जौनपुर में जिलाधिकारी रहे मनीष वर्मा की पत्नी डा. अंकिता राज द्वारा कौशांबी के सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने की पहल ने आम जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत किया है। जब प्रशासनिक अधिकारी खुद सरकारी चिकित्सा व्यवस्था पर भरोसा जता रहे हैं, तो आम लोगों का रुझान भी इन अस्पतालों की ओर और बढ़ेगा।

अक्टूबर माह में प्रसव के आंकड़े
सरकारी अस्पतालों में कुल सामान्य प्रसव- 3,809
सरकारी अस्पतालों में कुल सीजर (ऑपरेशन)- 371
गंभीर स्थिति में रेफर की गई गर्भवती महिलाएं मात्र- 85
जिला महिला अस्पताल में सीजर -234
मछलीशहर सीएचसी में सीजर -49
शाहगंज सीएचसी में सीजर -32
मड़ियाहूं सीएचसी में सीजर -28
केराकत सीएचसी में सीजर -09


सरकारी अस्पतालों में प्रसव व सीजर की बेहतर व्यवस्था है। गाइडलाइन के अनुसार सभी अस्पतालों में निश्शुल्क दवाओं व जांचों की सुविधा दी जा रही है। सुविधाओं का ही परिणाम है कि प्रसव व सीजर के आंकड़े काफी बढ़े हैं। सोनभद्र के मुख्य विकास अधिकारी की पत्नी के प्रसव के बाद आम जनता का विश्वास और दृढ़ होगा तथा लोगों का रुझान और अधिक बढ़ेगा।

-

डा. गंगाराम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।