नई शिक्षा नीति के विरोध में किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता जौनपुर आल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ आर्गनाइजेशन (एआइडीवाईओ) के तत्वावधा
जागरण संवाददाता, जौनपुर : आल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ आर्गनाइजेशन (एआइडीवाईओ) के तत्वावधान में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में नई शिक्षा नीति का विरोध किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इसे लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया।
वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 व राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी को रद्द किया जाए। इसके अलावा प्रदेश भर में बढ़ रहे दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण व हत्या की घटनाओं पर रोक लगाई जाए। छात्राओं व महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी दी जाए और अश्लीलता, नग्नता, शराबखोरी पर रोक लगाई जाए। स्कूल-कालेजों में फीस वृद्धि पर रोक लगाई जाए। सभी छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाए व छात्रवृत्ति में आधार कार्ड की अनिवार्यता खत्म की जाए। सार्वजनिक क्षेत्रों का निजीकरण करना बंद करते हुए सभी बेरोजगारों को रोजगार दो व सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर तत्काल स्थाई भर्ती की जाए। कहा कि कर्मचारियों को 30 साल की नौकरी व 50 साल की उम्र वालों की स्क्रीनिग कर नौकरी से बाहर निकालना बंद करते हुए असीमित अधिकार प्राप्त विशेष सुरक्षा बल का गठन रद किया जाए। इसके साथ ही किसान विरोधी खेती के तीनों कानूनों को रद किया जाए। सरकार का ध्यान मांग पर अपेक्षित है। अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस मौके पर एआइडीएसओ जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार, एआइडीवाईओ जिलाध्यक्ष इंद्र कुमार शुक्ल, सचिव दिनेश कांत मौर्य, मिथिलेश कुमार मौर्य, राज बहादुर विश्वकर्मा, संतोष प्रजापति, गीता गुप्ता, अंजलि सरोज, शिमला मौर्य, अनीता आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता इंद्र कुमार शुक्ल व संचालन संतोष कुमार ने किया।