विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर में बोले प्रो. राकेश कुमार सिंह- 'यहां की मिट्टी खिलाड़ियों को हमेशा याद रहेगी'

By khalid shah Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 18 Nov 2026 05:25 PM (IST)

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में पूर्वी क्षेत्र अंतरविश्वविद्यालयीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। कुलपति प्रो. राकेश ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अंतरविश्वविद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू कुलपति ने खिलाड़ियों का किया स्वागत।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अंतरविश्वविद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू कुलपति ने खिलाड़ियों का किया स्वागत।

HighLights

  1. पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अंतरविश्वविद्यालयीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ।

  2. कुलपति प्रो. राकेश सिंह ने 14 राज्यों की 54 टीमों का स्वागत किया।

  3. खिलाड़ियों को साहस, सूझबूझ और टीम वर्क से खेलने का संदेश दिया।

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा संकुल में बुधवार को पूर्वी क्षेत्र अंतरविश्वविद्यालयीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू), नई दिल्ली के आवंटन पर विश्वविद्यालय के खेलकूद परिषद की ओर से आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता 18 से 21 नवंबर तक चल रही है। इसमें 14 प्रदेशों की 54 विश्वविद्यालयों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उद्घाटन अवसर पर विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह को सलामी दी।

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा, “मैं आप सभी का तहेदिल से स्वागत करता हूं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जौनपुर आने के बाद जौनपुर की मिट्टी आपको हमेशा याद रहेगी। यह हम लोगों के लिए गर्व का विषय है कि इतने राज्यों से टीमें पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आई हैं और खुशनुमा माहौल में हम कबड्डी का आयोजन कर रहे हैं। मैं सभी खिलाड़ियों का तहेदिल से स्वागत करता हूं।”

उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि कबड्डी में एक सफल रेड के लिए साहस और सूझबूझ चाहिए, जबकि सफल बचाव के लिए पूरी टीम का तालमेल जरूरी है। यही भरोसा कठिन क्षणों में खिलाड़ियों की ताकत बनेगा। यदि कोई दांव चूक जाए तो उससे सीखकर अगले अंक पर ध्यान दें। अपने साथियों का हौसला बढ़ाएं, प्रतिद्वंद्वियों का सम्मान करें और हर मुकाबला पूरे दमखम व खेल भावना से खेलें।उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में अलग-अलग राज्यों के खिलाड़ियों की खेल शैली देखने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।

खिलाड़ी इस अनुभव को अपने साथ लेकर जाएं और अपने विश्वविद्यालय लौटकर अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरें, अपनी टीम पर भरोसा रखें और अपने खेल से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का पूर्वांचल विश्वविद्यालय पहुंचना गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए प्रतियोगिता में पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

पहले दिन दो पूल में हुए रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता के पहले दिन दो पूल में मुकाबले हुए। पहले पूल में बीएनएम विश्वविद्यालय, संबलपुर विश्वविद्यालय, एसजी गुरु विश्वविद्यालय, विनोबा बी. विश्वविद्यालय, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय, उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय और आरआईएस विश्वविद्यालय की टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। वहीं दूसरे पूल में एसएमके विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय, मैट्स विश्वविद्यालय, एन. लखीमपुर विश्वविद्यालय, एमएसआरबीडी विश्वविद्यालय और पूर्णिया विश्वविद्यालय सहित अन्य टीमों ने आक्रामक रेड और मजबूत डिफेंस के दम पर प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया।

दूधिया रोशनी में देर शाम तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने पूरे दमखम और खेल भावना के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायकों की सीटी और दर्शकों के उत्साह से क्रीड़ा संकुल दिनभर कबड्डी के रोमांच से गूंजता रहा।मार्चपास्ट के बाद खिलाड़ियों, मैनेजर, कोच, रेफरी, चिकित्सक, शिक्षक और खेलकूद विभाग से जुड़े सदस्यों का परिचय कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेलकूद परिषद के अध्यक्ष प्रो. सुधाकर सिंह ने की। वित्त अधिकारी विनोद कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, खेलकर्मी और कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन डॉ. राजेश सिंह ने किया। खेलकूद परिषद के सचिव प्रो. शेखर सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार जताया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।