पूर्वांचल विवि में जौनपुर-गाजीपुर के करीब 380 केंद्रों पर होगी परीक्षा, नियमित और कैरी फॉरवर्ड विद्यार्थियों की तैयारियां पूरी
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के कॉलेजों में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 20 नवंबर से शुरू होंगी। इन परीक्षाओं में यूजी-पीजी के करीब 3.60 लाख छात्र-छात्राएं लगभग 380 केंद्रों पर तीन पालियों में शामिल होंगे।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 20 नवंबर से शुरू जौनपुर गाजीपुर में तैयारी पूरी।
HighLights
पूर्वांचल विश्वविद्यालय विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 20 नवंबर से शुरू होंगी।
जौनपुर-गाजीपुर में 3.60 लाख छात्र 380 केंद्रों पर देंगे परीक्षा।
परीक्षाएं तीन पालियों में होंगी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर व गाजीपुर के महाविद्यालयों में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 20 नवंबर से शुरू होंगी। इस बार समर्थ पोर्टल के साथ पुराने नियमित और कैरी फॉरवर्ड विद्यार्थियों को मिलाकर यूजी-पीजी के करीब 3.60 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा तीन पालियों में कराई जाएगी। इसके लिए दोनों जिलों में करीब 380 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
यूजी-पीजी के विभिन्न पाठ्यक्रमों में होने वाली परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने केंद्राध्यक्षों और कक्ष निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने ओएमआर शीट में विद्यार्थियों का रोल नंबर और अन्य प्रविष्टियां सावधानी से भरने के निर्देश दिए हैं। किसी भी तरह की त्रुटि के लिए केंद्राध्यक्ष और कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी तय की गई है।
कैरी फॉरवर्ड विद्यार्थियों की परीक्षा के लिए प्रयागराज के हंडिया पीजी कॉलेज, हंडिया को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसी महाविद्यालय को नोडल केंद्र की जिम्मेदारी भी दी गई है। संबंधित केंद्रों को प्रथम पाली में तीनों पालियों की प्रश्नपत्र एवं उत्तरपुस्तिका सहित परीक्षा सामग्री प्राप्त करनी होगी और परीक्षा समाप्त होने के बाद निर्धारित समय पर सामग्री नोडल केंद्र पर जमा करानी होगी।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन, केंद्राध्यक्ष की मौजूदगी, पर्याप्त बिजली, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों की उपस्थिति और अनुपस्थिति सहित आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज करना होगा। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह और कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह की ओर से परीक्षा तैयारियों की समीक्षा पहले ही की जा चुकी है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भी केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।परीक्षा सुबह आठ से 10 बजे, 11 बजे से दोपहर एक बजे और दोपहर दो से शाम चार बजे तक तीन पालियों में होगी। केंद्र प्रशासन को प्रत्येक पाली में परीक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।