जौनपुर में धान खरीद का शुभारंभ, शाहगंज केंद्र पर खरीदा गया 41.20 क्विंटल धान
जौनपुर में धान खरीद प्रक्रिया का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया है, जिसमें शाहगंज केंद्र पर पहले दिन किसान राधेश्याम ...और पढ़ें

जौनपुर में धान खरीद का आगाज, शाहगंज केंद्र पर हुई पहली खरीद, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण।
HighLights
जौनपुर में धान खरीद प्रक्रिया का शुक्रवार को हुआ शुभारंभ।
शाहगंज केंद्र पर किसान राधेश्याम से 41.20 क्विंटल धान खरीदा।
जिलाधिकारी ने क्रय केंद्रों पर पारदर्शिता और सुविधा के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। जनपद में धान खरीद प्रक्रिया का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया है। खाद्य व रसद विभाग के शाहगंज धान क्रय केंद्र पर पहले दिन कृषक राधेश्याम यादव ने 41.20 क्विंटल धान की बिक्री की। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित द्विवेदी ने क्रय केंद्र पर पहुंचकर कृषक का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जिलाधिकारी के निर्देशन में पांच विभिन्न क्रय संस्थाओं के माध्यम से कुल 161 धान क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए इस बार पंजीयन प्रक्रिया को बेहद सरल और तकनीकी रूप से लचीला बनाया गया है।
अब किसान फार्मर आईडी या गत वर्ष की भांति अपने गाटा का विवरण जोड़कर आसानी से घर बैठे आनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए किसी भी तहसील या कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। जनपद में अब तक 2352 किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 745 किसानों का सत्यापन किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने किया नवीन मंडी और कोठवार केंद्र का औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने शुक्रवार को जनपद के नवीन मंडी तथा बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड, कोठवार (विकास खंड करंजाकला) स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र एवं खाद वितरण समिति का औचक निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने क्रय केंद्र के अभिलेखों व रजिस्टरों की जांच की। रजिस्टरों में दर्ज किसानों के मोबाइल नंबरों पर फोन कर स्थिति का जायजा लिया। किसानों ने बताया कि वर्तमान में धान में नमी अधिक होने के कारण वे आगामी 10 से 15 दिनों के भीतर अपना धान केंद्र पर लाएंगे। मंडी परिसर में साफ-सफाई में कमी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने और किसानों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बी-पैक्स कोठवार का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि धान की खरीद शासन की नीति के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि समितियों पर उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही खाद का वितरण हो, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न उठानी पड़े।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।