जैविक खेती से आएगी खुशहाली
किसानों की आय दोगुनी करने के लिए आयोजित किसान पाठशाला के दूसरे चरण का मंगलवार को समापन हुआ। जिले के 218 ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर किसानों को तकनीकी खेती की जानकारी दी गई। उपनिदेशक कृषि जय प्रकाश ने जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए बताया कि इससे किसानों में खुशहाली आएगी।
जागरण संवाददाता, जौनपुर : किसानों की आय दोगुनी करने के लिए आयोजित किसान पाठशाला के दूसरे चरण का मंगलवार को समापन हुआ। जिले के 218 ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर किसानों को तकनीकी खेती की जानकारी दी गई। उपनिदेशक कृषि जय प्रकाश ने जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए बताया कि इससे किसानों में खुशहाली आएगी।
धर्मापुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नरेंद्रपुर में किसान पाठशाला आयोजित कर एफपीओ का गठन व प्रोत्साहन, जैविक खेती, कृषि विविधीकरण व प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, गो आधारित जीरो बजट की खेती से किसानों को प्रशिक्षित किया गया। उपनिदेशक ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग के कारण मिट्टी लगातार बीमार होती जा रही है। जिससे उत्पादन प्रभावित होने के साथ ही उत्पाद का सेवन करने वालों के शरीर पर भी दुष्प्रभाव पड़ रहा था।
मृदा की सेहत सुधारकर जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार किसानों की सहायता कर रही हैं। उप परियोजना निदेशक आत्मा डा. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि वीजामृत, जीवामृत, पंचगव्य के निर्माण व खेती में उसका प्रयोग कर कम लागत में गुणवत्ता युक्त उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने जैविक खेती से अधिक लाभ के लिए गो आधारित खेती, एकीकृत नाशी जीव प्रबंधन के माध्यम से फसलों की सुरक्षा की जानकारी दी।
डा. यादव ने मृदा प्रबंधन, जल प्रबंधन व मृदा की जांच कर संतुलित खेती करने का सुझाव दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय कुमार ने किया। इस मौके पर बीटीएम ज्ञानेश्वर मिश्र, फेंकू यादव, मुर्तजा, गुदरीराम, इंद्रावती, फूलपत्ती, प्रभावती, रेखा, मंजू देवी आदि किसान मौजूद थे।