जौनपुर में स्कार्पियो से रौंदे जाने से घायल एक और ने दम तोड़ा, मृतकों की संख्या हुई चार
जौनपुर के चक मुस्तफाबाद गांव में भूमि विवाद को लेकर स्कार्पियो से रौंदे जाने से घायल राजनाथ यादव की उपचार के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या चार हो गई है। मुख्य आरोपित राम यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुस्तफाबाद में बुधवार को हुई थी सनसनीखेज वारदात।
HighLights
राजनाथ यादव की मौत से मृतकों की संख्या चार हुई।
जौनपुर में भूमि विवाद के कारण हुई यह घटना।
मुख्य आरोपित राम यादव गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के चक मुस्तफाबाद गांव में भूमि विवाद को लेकर बीते बुधवार को स्कार्पियो वाहन से रौंद दिए जाने से घायल राजनाथ यादव के रविवार को उपचार के दौरान बीएचयू ट्रामा सेंटर में दम तोड़ देने से मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। चार अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। पांच नामजद आरोपितों में मुख्य राम यादव उर्फ रामचंद्र यादव को पुलिस शनिवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपितों की पुलिस टीमें तलाश कर रही हैं।
मालूम हो कि गांव निवासी मनोज कुमार यादव का अपने सगे भाई नरेंद्र यादव से डेढ़ फीट भूमि को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। समाधान के लिए बुधवार की सुबह सड़क किनारे पंचायत हो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान कहासुनी होने पर मौके पर स्कार्पियो लेकर पहुंचे नरेंद्र यादव के पुत्र राम यादव उर्फ रामचंद्र यादव ने पंचायत में बैठे मनोज कुमार व उनके पक्ष के लोगों को रौंद दिया था।
मनोज की पत्नी इंदू देवी व भाई श्रवण यादव के पुत्र अमित यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायल छह लोगों में मनोज यादव के पिता राजदेव यादव की देर रात उपचार के दौरान बीएचयू ट्रामा सेंटर में उसी दिन मृत्यु हो गई थी। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया गांव में तनाव के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस बल तैनात है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। शीघ्र उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।