विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तिथि लिखने में हुई चूक, तय तारीख से एक दिन पहले ही जौनपुर में दुल्हन के घर पहुंच गई बरात; हैरान रह गए घराती

By sarvesh1 mishra Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 21 Nov 2026 06:58 PM (IST)

जौनपुर में शादी की तारीख लिखने में हुई गलती के कारण दूल्हा और बाराती तय दिन से एक दिन पहले दुल्हन के घर पहुंच गए। वधू पक्ष ने सूझबूझ से स्थिति संभाली और अगले दिन विधि-विधान से विवाह संपन्न हुआ, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

जौनपुर में शादी की तारीख में हुई गफलत दूल्हा बारात एक दिन पहले पहुंचे दुल्हन के घर।

जौनपुर में शादी की तारीख में हुई गफलत दूल्हा बारात एक दिन पहले पहुंचे दुल्हन के घर।

HighLights

  1. शादी की तारीख में चूक, बारात एक दिन पहले दुल्हन के घर।

  2. वधू पक्ष ने सूझबूझ से बारातियों का तत्काल स्वागत-सत्कार किया।

  3. अगले दिन तय तारीख पर विधि-विधान से विवाह संपन्न हुआ।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। जनपद में शादी समारोह से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प और अनोखा मामला सामने आया है। विवाह की तिथि लिखने में हुई एक छोटी सी चूक के कारण दूल्हा और बाराती निर्धारित तारीख से एक दिन पहले ही दुल्हन के दरवाजे पर पहुंच गए। अचानक बिना पूर्व सूचना के बारात को दरवाजे पर खड़ा देख वधू पक्ष के लोग हैरान रह गए और घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि, ग्रामीणों और घरातियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को संभाला और आनन-फानन में बारातियों के स्वागत-सत्कार की व्यवस्था की। यह अनोखी शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, जौनपुर के बांसगंज मखदुमपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद चौधरी की पुत्री कंचन का विवाह सुजानगंज क्षेत्र के मड़वा, पवारा गांव निवासी जमुना प्रसाद कनौजिया के पुत्र नरसिंह के साथ तय हुआ था। दोनों पक्षों की सहमति से विवाह की तिथि 21 नवंबर (शनिवार) निर्धारित की गई थी। वधू पक्ष के घर में 21 नवंबर के हिसाब से ही टेंट, हलवाई और स्वागत की अन्य तैयारियां चल रही थीं।

कैसे हुई गफलत?

बताया जा रहा है कि निमंत्रण पत्र या लग्न पत्रिका में शादी की तिथि लिखने में किसी स्तर पर मानवीय चूक हो गई, जिससे वर पक्ष को 20 नवंबर की तारीख का भ्रम हो गया। इसी गफलत में शुक्रवार (20 नवंबर) की शाम को ही दूल्हा नरसिंह करीब सौ बारातियों के साथ बैंड-बाजे के संग दुल्हन के घर बांसगंज मखदुमपुर पहुंच गया। जब बारात दरवाजे पर पहुंची तो वधू पक्ष के लोग भौचक्के रह गए, क्योंकि उनके यहां अभी शादी की तैयारियां पूरी भी नहीं हुई थीं।

आधे बाराती लौटे, दिन में हुई विदाई

जब दोनों पक्षों ने शादी के कार्ड और लग्न पत्रिका का मिलान किया, तब जाकर तिथि में हुई गलती का पता चला। अचानक आई बारात को देखकर राजेंद्र प्रसाद चौधरी और उनके परिजनों ने बिना घबराए ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल नाश्ते और भोजन का इंतजाम कराया। वहीं, स्थिति स्पष्ट होने और व्यवस्थाओं को देखते हुए आए हुए करीब सौ बारातियों में से आधे बाराती रात में ही वापस अपने गांव लौट गए, जबकि दूल्हा और करीबी रिश्तेदार वहीं रुक गए।

इसके बाद दोनों परिवारों की आपसी सहमति से अगले दिन यानी शनिवार को दिन के उजाले में ही पूरे विधि-विधान के साथ विवाह की सभी रस्में संपन्न कराई गईं। सात फेरे लेने के बाद शनिवार को ही दुल्हन कंचन की विदाई कर दी गई। अब यह पूरा वाकया इलाके के लोगों के बीच कौतूहल का केंद्र बना हुआ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।