जौनपुर में अधूरे ढांचे में मेडिकल कॉलेज, विशेषज्ञ सेवाओं का भी इंतजार
जौनपुर के सिद्दीकपुर स्थित मेडिकल कॉलेज का भवन अधूरा है, जिससे विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और छात्रों के क्लीनिकल प्रशिक्षण पर असर पड़ रहा है। 519 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद अस्पताल का मुख्य ढांचा अधूरा है, जिससे गंभीर मरीजों के उपचार और आइपीडी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, जबकि एमबीबीएस कक्षाएं चल रही हैं।

जौनपुर मेडिकल कॉलेज: अधूरा ढांचा, विशेषज्ञ सेवाओं का अभाव और छात्रों के प्रशिक्षण में कमी।
HighLights
मेडिकल कॉलेज भवन अधूरा, 519 करोड़ खर्च के बावजूद कार्य लंबित।
विशेषज्ञ सेवाओं की कमी, गंभीर मरीजों को उपचार में चुनौती।
छात्रों को अपेक्षित क्लीनिकल प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। राष्ट्रीय चिकित्सा मानकों के आधार पर सरकारी मेडिकल कॉलेजों की गुणवत्ता परखने और संस्थानों की ग्रेडिंग की शासन की तैयारी के बीच सिद्दीकपुर स्थित उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का रिपोर्ट कार्ड आधारभूत ढांचे से लेकर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं तक कई अधूरे पहलुओं को सामने रखता है।
करीब पांच वर्ष से एमबीबीएस की कक्षाएं संचालित हैं और प्रत्येक सत्र में प्रवेश के लिए निर्धारित सीटें पूरी हो रही हैं। विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय, पर्याप्त किताबें और छात्रावास की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन अस्पताल का मुख्य भवन अब तक पूरा नहीं हो सका है। इसका असर आइपीडी के संचालन, विशेषज्ञ सेवाओं, गंभीर मरीजों के उपचार और विद्यार्थियों के क्लीनिकल प्रशिक्षण पर पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज का निर्माण वर्ष 2015 में करीब 542 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुआ था। अब तक निर्माण पर 519 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन भवन का कार्य पूरी तरह अधूरा है। अस्पताल, आइपीडी, ओपीडी, प्रशासनिक भवन और लेक्चर हॉल का काम भी पूरी तरह पूरा नहीं हो सका है। भवन के अधूरे होने के कारण अस्पताल की आंतरिक रोगी विभाग (आइपीडी) सेवाएं पूरी क्षमता से संचालित नहीं हो पा रही हैं।
आइपीडी को अस्थायी व्यवस्था के तहत संचालित किए हुए भी करीब छह माह से अधिक का समय हो चुका है, जबकि अस्पताल में आइपीडी सेवाओं का संचालन शुरू हुए तीन वर्ष से अधिक समय हो चुका है।मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब ढाई से साढ़े तीन हजार मरीज पहुंचते हैं। इतने बड़े क्लीनिकल भार के बावजूद मरीजों की जरूरत के अनुरूप सभी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और एंडोक्राइन जैसी विशेषज्ञ सेवाओं की कमी बनी हुई है।
हृदय रोगियों के लिए भी अपेक्षित स्तर की कार्डियक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं है। गंभीर और जटिल रोगियों के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाना अस्पताल के सामने प्रमुख चुनौती है। गंभीर मरीजों के उपचार के लिए प्रस्तावित 100 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) भी अभी अधूरा है। इसके पूरी क्षमता से संचालित नहीं होने के कारण गंभीर रोगियों के लिए प्रस्तावित क्रिटिकल केयर सेवाओं का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है।
ऐसे में बड़ी संख्या में मरीजों का क्लीनिकल भार होने के बावजूद अस्पताल की उपचार क्षमता और उपलब्ध विशेषज्ञ सेवाओं के बीच अंतर बना हुआ है।जांच सुविधाओं में अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन उपलब्ध हैं। एमआरआइ की स्वीकृति मिल चुकी है और इसके लिए स्थान भी देखा जा चुका है। एमआरआइ शुरू होने के बाद गंभीर और जटिल रोगों की जांच सुविधा का विस्तार होगा। वर्तमान में सीबीसी, एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल को छोड़कर अन्य जांचों के लिए निर्धारित शुल्क राजकीय मेडिकल कॉलेजों और केजीएमयू में लागू दरों के अनुरूप लिया जाता है।
एक्स-रे करीब 30 रुपये, अल्ट्रासाउंड 60 रुपये और सीटी स्कैन जांच के लिए करीब 500 से 1000 रुपये तक शुल्क निर्धारित है। मरीजों के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता भी अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था का हिस्सा है। करीब 280 प्रकार की दवाओं की उपलब्धता का प्रावधान है। किसी दवा की कमी होने पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से उसकी उपलब्धता कराने की व्यवस्था की जाती है।मेडिकल कॉलेज में करीब पांच वर्ष से एमबीबीएस की कक्षाएं संचालित हैं और प्रत्येक सत्र में निर्धारित सीटें पूरी हो रही हैं।
विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय और पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध हैं। छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास की सुविधा भी है। शैक्षणिक गतिविधियों के लिहाज से कक्षाएं और पठन-पाठन नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं। लेकिन मेडिकल शिक्षा में केवल कक्षा और पुस्तकालय पर्याप्त नहीं होते। विद्यार्थियों के लिए मरीजों के बीच व्यावहारिक प्रशिक्षण, विभिन्न रोगों के पर्याप्त मामले, विभागवार क्लीनिकल एक्सपोजर और इंटर्नशिप उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
अस्पताल की विशेषज्ञ सेवाओं में कमी और सभी विभागों के पूरी क्षमता से संचालित नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को वह क्लीनिकल प्रशिक्षण पूरी तरह नहीं मिल पा रहा है, जो एक पूर्ण विकसित मेडिकल कॉलेज में अपेक्षित होता है।ओपीडी में मरीजों की संख्या अधिक होने के बावजूद विशेषज्ञ विभागों की सीमित उपलब्धता का असर विद्यार्थियों के प्रशिक्षण पर भी पड़ता है। मेडिकल कॉलेज की गुणवत्ता के आकलन में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विद्यार्थियों को कितने विभागों में नियमित क्लीनिकल अनुभव मिल रहा है और उपलब्ध मरीजों का भार उनकी व्यावहारिक शिक्षा में कितना उपयोगी हो पा रहा है।
मेडिकल कॉलेज की स्थिति में सबसे बड़ी चुनौती उसका अधूरा आधारभूत ढांचा है। 542 करोड़ रुपये की लागत में 519 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद भवन का कार्य पूरी तरह अधूरा है। अस्पताल, आइपीडी, ओपीडी, प्रशासनिक भवन और लेक्चर हॉल का काम पूरा नहीं हो सका है। इसका प्रभाव आइपीडी की क्षमता, विभागों के संचालन, क्रिटिकल केयर और अन्य अस्पताल सेवाओं के विस्तार पर पड़ रहा है।
राष्ट्रीय मानकों पर प्रस्तावित ग्रेडिंग में मेडिकल कॉलेज की गुणवत्ता केवल इस आधार पर नहीं आंकी जाएगी कि भवन या उपकरण उपलब्ध हैं, बल्कि यह भी देखा जाएगा कि कितने संसाधन वास्तव में कार्यशील हैं, कितने बेड संचालित हैं, मरीजों को कितनी विशेषज्ञ सेवाएं मिल रही हैं, जांच सुविधाएं कितनी प्रभावी हैं, क्रिटिकल केयर की वास्तविक क्षमता क्या है और विद्यार्थियों को कितना क्लीनिकल प्रशिक्षण मिल रहा है। सिद्धीकपुर मेडिकल कॉलेज में मरीजों का पर्याप्त क्लीनिकल भार और शैक्षणिक गतिविधियां मौजूद हैं, लेकिन विशेषज्ञ सेवाओं और अधूरे अस्पताल ढांचे के कारण उपलब्ध क्षमता का पूरा उपयोग अभी चुनौती बना हुआ है।
पढ़ाई चल रही, लेकिन क्लीनिकल प्रशिक्षण में कमी
एमबीबीएस की कक्षाएं करीब पांच वर्ष से संचालित हैं। प्रत्येक सत्र में निर्धारित सीटें पूरी हो रही हैं। विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय, पर्याप्त किताबें और छात्रावास की सुविधा उपलब्ध है। हालांकि अस्पताल के सभी विभागों के पूरी क्षमता से संचालित नहीं होने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को मरीजों के बीच अपेक्षित स्तर का व्यावहारिक प्रशिक्षण और क्लीनिकल एक्सपोजर नहीं मिल पा रहा है। मेडिकल शिक्षा में मरीजों की संख्या के साथ विभिन्न विशेषज्ञताओं के रोगियों का नियमित प्रत्यक्ष अनुभव महत्वपूर्ण माना जाता है।
कम दर पर जांच और दवाओं की उपलब्धता
मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और अन्य जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। सीबीसी, एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल को छोड़कर अन्य जांचों के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेजों व केजीएमयू की निर्धारित दरों के अनुरूप शुल्क लिया जाता है। एक्स-रे करीब 30 रुपये, अल्ट्रासाउंड 60 रुपये और सीटी स्कैन करीब 500 से 1000 रुपये तक है। मरीजों के लिए करीब 280 प्रकार की दवाओं की उपलब्धता का प्रावधान है। किसी दवा की कमी होने पर प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाती है।
“एमआरआइ की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए स्थान भी देखा जा चुका है। जल्द ही एमआरआइ की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। मुख्य भवन का निर्माण अभी अधूरा है, जिसके कारण आइपीडी का संचालन पूरी क्षमता से नहीं हो पा रहा है।”
प्रो. डॉ. आरबी कमल, प्रधानाचार्य, उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सिद्धीकपुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।