Magh Mela 2026: प्रयागराज व प्रतापगढ़ सीमा पर जगह-जगह बैरिकेडिंग, माघ मेला स्नान को लेकर बढ़ी सर्तकता
माघ मेला स्नान पर्व के लिए जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। मकर संक्रांति और मौनी ...और पढ़ें

HighLights
माघ मेला स्नान हेतु सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई।
प्रयागराज-प्रतापगढ़ सीमा पर बैरिकेडिंग, 100+ पुलिसकर्मी तैनात।
यातायात सुचारु रखने हेतु पेट्रोलिंग और भारी वाहनों का डायवर्जन।
जागरण संवाददाता, मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। माघ मेला स्नान पर्व मकर संक्रांति मौनी अमावस्या स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। प्रयागराज और प्रतापगढ़ सीमा पर जगह-जगह बैरियर लगाकर जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा में एक सौ से अधिक पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने बताया कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति और 18 जनवरी को मौनी अमावस्या स्नान करने जा रहे स्नानार्थियों के लिए जौनपुर-मुंगराबादशाहपुर मार्ग से प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा में एक थाना प्रभारी, 15 उपनिरीक्षक, 50 सिपाही, 10 महिला आरक्षी और 10 ट्रैफिक पुलिस समेत कुल 110 सुरक्षाकर्मी कमान संभालेंगे।
सतहरिया, प्रतापगढ़ तिराहा, इटहरा बार्डर, सरोखनपुर और पांडेयपुर समेत अन्य स्थानों पर शरारती तत्वों से निपटने के लिए बूथ पर 24 घंटे सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
यातायात व्यवस्था को मद्देनजर रखते हुए हर तिराहे और चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था, परिवहन द्वारा एक चार पहिया इंटरसेक्टर मोबाइल की व्यवस्था जो सतहरिया से इटहरा बार्डर तक पेट्रोलिंग की व्यवस्था तथा दो पेट्रोलिंग बाइक जो सरोखनपुर तिराहे, मुंगराबादशाहपुर चौराहे और तरहटी, इटहरा बार्डर से प्रतापगढ़ तिराहा तथा नगर के मुख्य मार्ग पर लगातार पेट्रोलिंग करेगी।
थाना प्रभारी मिथिलेश तिवारी ने बताया कि मुख्य तिराहे से सुजानगंज बाईपास तक डिवाइडर लगाकर वन-वे कर दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को आने जाने में परेशानी न हो।
प्रतापगढ़ तिराहा पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रयागराज से आने वाले भारी वाहनों को प्रतापगढ़ रोड से इटहरा होते हुए जौनपुर, जबकि जौनपुर से आने वाले भारी वाहनों को सतहरिया, इटहरा से रानीगंज गाजीबाग होते हुए प्रयागराज की तरफ डायवर्ट कर दिया गया है। यह डायवर्जन स्नान पर्व के एक दिन पूर्व से लेकर दूसरे दिन तक जारी रहेगा।
