राष्ट्रीय शिक्षा रत्न से सम्मानित हुई शिक्षिका माधुरी जायसवाल
अभिनव पूर्व माध्यमिक विद्यालय इब्राहिमाबाद में तैनात विज्ञान शिक्षिका माधुरी जायसवाल ने एक बार फिर से जिले के शिक्षा क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया।
जासं, सिकरारा(जौनपुर): अभिनव पूर्व माध्यमिक विद्यालय इब्राहिमाबाद में तैनात विज्ञान शिक्षिका माधुरी जायसवाल ने एक बार फिर से जिले के शिक्षा क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया। राष्ट्रीय मानव कल्याण परिषद द्वारा कांसटीच्यूशन क्लब आफ इंडिया नई दिल्ली में राष्ट्रीय शिक्षा रत्न से सम्मानित किया गया।
शुक्रवार की रात नई दिल्ली में नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल द्वारा आयोजित देश के कई राज्यों से आए शिक्षकों के राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में जौनपुर का प्रतिनिधित्व माधुरी जायसवाल ने किया। उन्हें सरकारी शिक्षा में उनके द्वारा किए जा रहे नवाचारों और कार्यों के लिए यह सम्मान मिला। एनएचडब्लूसी की टीम ने सरकारी शिक्षा में निरंतर बेहतर करने के उनके प्रयास के लिए उनको यह सम्मान दिया। शिक्षिका माधुरी जायसवाल विज्ञान और योग में विशेष अभिरुचि रखती हैं। विज्ञान विषय को बच्चों के लिए सरल सुलभ बनाने के लिए हर प्रकार के नवाचारों का निरंतर प्रयोग करती हैं और उनकी इच्छा है कि ये सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले ग्रामीण भारत के बच्चे भी विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने देश का नाम रौशन करें। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अन्तर्राष्ट्रीय स्प्रिचुअल हीलर गुरुमा नीना खन्ना आस्ट्रेलिया से रही।
श्रीमती जायसवाल ने अपनी अब तक की समस्त उपलब्धियों को अपने बच्चों को समर्पित किया और कहा कि ये उपलब्धियां उन्हें उनके बच्चों की वजह से मिली है। उन्होंने कहा कि मेरी उपलब्धि में मेरा पूरा परिवार भी शामिल है क्योंकि बिना उनके सहयोग के मैं आगे नहीं बढ़ सकती। मेरे पति विजय सिंह जायसवाल ने मेरा हमेशा साथ दिया है। पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी सिकरारा संजीव कुमार सिंह और वर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी सिकरारा राजीव कुमार यादव ने मुझे हमेशा उत्साहित किया और मेरा हौसला बढ़ाया।