विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय सेना के नायब सूबेदार अर्जुन यादव का लेह-लद्दाख में निधन, पैतृक जिले जौनपुर में शोक की लहर

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:49 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 17 Nov 2026 08:58 PM (GMT+05:30)

लेह-लद्दाख में तैनात जौनपुर के हरिगांव निवासी सेना के नायब सूबेदार अर्जुन यादव (35) का बीमारी के चलते निधन हो गया।

अर्जुन यादव के निधन की सूचना मिलने पर शोक करते घरवाले। फोटो- जागरण

अर्जुन यादव के निधन की सूचना मिलने पर शोक करते घरवाले। फोटो- जागरण

HighLights

  1. लेह-लद्दाख में तैनात नायब सूबेदार अर्जुन यादव का निधन।

  2. एक सप्ताह से बीमार थे, सिर दर्द की शिकायत थी।

  3. पार्थिव शरीर बुधवार सुबह तक पैतृक गांव पहुंचेगा।

जागरण संवाददाता, सिकरारा (जौनपुर)। हरिगांव निवासी और जम्मू-कश्मीर के लेह-लद्दाख में तैनात सेना के जवान अर्जुन यादव (35) की तबीयत खराब हो गई और इलाज के दौरान निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर बुधवार सुबह तक पैतृक गांव आने की संभावना है। वह करीब एक सप्ताह से बीमार चल रहे थे। उनके सिर में दर्द हो रहा था।

जिलाजीत यादव के दो पुत्रों में बड़े अर्जुन भारतीय थल सेना में नायब सूबेदार के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार की सुबह पत्नी वंदना यादव के मोबाइल फोन पर उनके निधन की सूचना आई। इससे रो-रोकर वह बेसुध हो गईं। आसपास के लोग वंदना और स्वजन को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। अर्जुन की गृहस्थी अभी कच्ची है। लोग कहते रहे कि डेढ़ साल के मासूम बेटे विभव को कौन संभालेगा? पिता जिलाजीत यादव निजी विद्यालय में शिक्षक हैं और अब बुढ़ापे में जवान बेटे का साया सिर से उठ गया। छोटा भाई सुनील कुमार यादव के कंधों पर अब पूरे परिवार की जिम्मेदारियों का बोझ आ गया है।

वर्ष 2012 में अर्जुन का हुआ था चयन

इंटर के बाद स्नातक में प्रवेश के दौरान ही वर्ष 2012 में अर्जुन का चयन थल सेना में हुआ था। 2013 में कार्यभार ग्रहण किया था। वर्ष 2020 में उनकी शादी मड़ियाहूं के देवापार निवासी वंदना से हुई थी। स्वजन के अनुसार पार्थिव शरीर बुधवार सुबह तक गांव पहुंचने की उम्मीद है। खबर मिलते ही घर पर सांत्वना देने वालों की भीड़ पहुंचने लगी। स्वजन के मुताबिक एक सप्ताह से सिर में दर्द की शिकायत थी। छुट्टी न मिल पाने के कारण घर नहीं आ पा रहे थे।

छोटे भाई को शुरू कराया था टेंट हाउस का कारोबार

- छोटे भाई सुनील ने बताया कि भाई अर्जुन ने ही टेंट हाउस का कारोबार शुरू कराया था और खेती के लिए ट्रैक्टर खरीदवाया था। 25 दिन पहले ही वे छुट्टी से वापस ड्यूटी पर गए थे। परिवार में पांच नवंबर को शादी थी, लेकिन छुट्टी न मिल पाने के कारण वे नहीं आ सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।