ओडीओपी में शामिल, फिर भी संकट में जौनपुर का दरी उद्योग, घाटे का सौदा बना कारोबार
जौनपुर का पारंपरिक दरी उद्योग विदेशी मांग घटने और चाइनीज उत्पादों के कारण गहरे संकट में है। 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' में शामिल होने के बावजूद कारीगर आर्थिक तंगी झेल रहे हैं और युवा इस पुश्तैनी काम से कतरा रहे हैं।

जौनपुर का दरी उद्योग संकट में ओडीओपी से भी नहीं मिली रफ्तार।
HighLights
जौनपुर का दरी उद्योग विदेशी मांग घटने से संकट में।
कारीगर आर्थिक तंगी झेल रहे, युवा पुश्तैनी काम से दूर।
ओडीओपी में शामिल होने पर भी अपेक्षित सुधार नहीं।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। दरी उद्योग लंबे समय से संकट से गुजर रहा है। पारंपरिक कारीगरी के दम पर उद्योग की पहचान बचाने में जुटे हुनरमंद आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। विदेश में भारत निर्मित दरी की घटी मांग व चाइनीज उत्पादों के बढ़े चलन से जौनपुर का कालीन उद्योग वेंटीलेटर पर पहुंच गया। रामपुर, बरसठी व रामनगर ब्लाक में लोग इस कार्य से जुड़े थे। सरकार की ओर से वर्ष 2018 में 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' में दरी उद्योग को शामिल करने से इस उद्योग की बेहतरी के लिए प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी बहुत कुछ करना शेष है।
युवा कतरा रहे इससे- घाटे का सौदा बन चुके इस कारोबार से अब लोग कम जुड़ना चाह रहे हैं। अहम बात यह है कि युवा दरी के इस कारोबार को अपनाने से बच रहे हैं। जिले का अधिकांश कारोबार भदोही पर ही निर्भर है। वहां से मिले आर्डर के मुताबिक यहां कार्य कराया जाता है।
कभी विदेशों तक होता था निर्यात
वर्ष 2008 में रामनगर ब्लाक के औरा गांव व जमालापुर में बने दरी की खपत जर्मनी, अमेरिका स्वीडन, जापान व डेनमार्क जैसे देशों को होती थी। कुछ समय बाद एकिया बायर्स ने अपना कारोबार भारत से बंद कर चाइना से शुरू कर दिया। इससे नाता टूटने के बाद से दरी का कारोबार फर्श पर आ गया। तब से बेपटरी हुआ दरी का कारोबार कभी रफ्तार नहीं पकड़ सका।
दरी कार्य पुस्तैनी धंधा बना कर रह गया है। युवा पीढ़ी इससे जुड़ना नहीं चाह रहा। ओडीओपी में इसे शामिल करने के साथ ही प्रशिक्षण का दायरा बढ़ाना होगा, जिससे दोबारा यह उद्योग स्थापित हो सके। - साकिब अंसारी, दरी व्यवसायी, औरा
कुछ समय पहले तक जनपद में बड़े पैमाने पर दरी का काम होता था। इससे बुनकरों को काफी सहूलियत मिलती थी। ओडीओपी से बदलाव तो आया, लेकिन अभी और काम करना होगा। - उदयरज पटेल, दरी व्यवसायी, जमालापुर।
पहले कम पढ़े-लिखे होने के बावजूद दरी बुनाई से परिवार का भरण-पोषण चल जाता था, जो अब नहीं है। विगत 15 वर्षों से स्थिति खराब हुई तो अब खेती करना शुरू कर दिया। -दयाशंकर पटेल, दरी व्यवसायी, परियत, बरसठी।
बदलते समय ने दरी उद्योग को भी प्रभावित किया है। काम न होने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हुआ तो मजदूरी करने लगा। - महाजन गौतम,चतुर्भुजपुर, बरसठी।
दरी उद्योग ओडीओपी में शामिल है। इसके तहत सरकार की योजनाओं से लाभार्थियों को जोड़ा जा रहा है। इस कारोबार में शामिल लोगों की संख्या कम होने के बारे में जानकारी नहीं है। पूर्व में बढ़े टैरिफ से कुछ असर जरूर पड़ा था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। दरी उद्योग की बेहतरी के लिए जरूरी सभी कार्य किए जा रहे हैं।
आशुतोष पाठक, उपायुक्त, उद्योग।