जौनपुर से फरार शूटर जयदीप गायकवाड़ का 27 महीने बाद भी नहीं मिला सुराग, 2 राज्यों की पुलिस के हाथ खाली
जौनपुर दीवानी न्यायालय से फरार कुख्यात शूटर जयदीप प्रकाश गायकवाड़ 27 माह बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। ...और पढ़ें

शूटर जयदीप प्रकाश गायकवाड़, फाइल फोटो।
HighLights
कुख्यात शूटर जयदीप गायकवाड़ 27 माह से फरार।
बाला लखंदर यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी है।
उस पर इनाम की राशि एक लाख रुपये हुई।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: दीवानी न्यायालय से लगभग 27 महीने पहले फरार महाराष्ट्र निवासी कुख्यात शूटर जयदीप प्रकाश गायकवाड़ का अब तक दो राज्यों की पुलिस कोई सुराग नहीं पा सकी हैं। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ा सिरदर्द बनी हुई है। नगर पालिका परिषद के सैदनपुर वार्ड के सपा सभासद बाला लखंदर यादव हत्याकांड का आरोपित जयदीप प्रकाश गायकवाड़ न्यायालय में पेशी के दौरान भाग गया था।
यूपी और महाराष्ट्र की पुलिस तभी से हर जतन के बाद भी आज तक उसका सुराग नहीं पा सकी हैं। उस पर घोषित इनाम की राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये की जा चुकी है। जिला कारागार में निरुद्ध रहे महाराष्ट्र के शोलापुर जिले के पंढरपुर निवासी जयदीप प्रकाश गायकवाड़ को 9 अगस्त 2024 को पुलिस पेशी के लिए दीवानी न्यायालय ले गई थी। पेशी के बाद न्यायालय परिसर स्थित लॉकअप में ले जाते समय वह पुलिस कर्मियों को धक्का देकर चारदीवारी फांदकर भाग गया था। बाहर सड़क पर खड़े एक बाइक सवार ने भागने में उसकी सहायता की थी।
भगाने के मास्टरमाइंड के रूप में चिह्नित इसी हत्याकांड में जमानत पर छूटे सैदनपुर निवासी उमेश गोंड को 11 अगस्त 2024 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उससे पूछताछ के बाद कई बार पुलिस टीमें जयदीप प्रकाश गायकवाड़ की तलाश में मुंबई गईं। महाराष्ट्र पुलिस को साथ लेकर सभी संभावित स्थानों पर दबिश दीं, लेकिन उसकी परछाईं तक भी नहीं पहुंच सकीं।
21 फरवरी 2021 की रात करीब 8 बजे सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर टहलते समय बाला लखंदर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कुछ ही दिन बाद पुलिस ने छानबीन के बाद लाइन बाजार के सैदनपुर निवासी ओमचंद्र गुप्त, उमेश गोंड़, मड़ियाहूं के रामपुर नद्दी निवासी रितेश सिंह व जयदीप प्रकाश गायकवाड़ को गिरफ्तार कर हत्याकांड का राजफाश किया था।
वाराणसी के डीआइजीवैभव कृष्ण ने बताया कि न्यायिक हिरासत से भागे जयदीप प्रकाश गायकवाड़ पर इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। पुलिस टीमें संभावित सभी स्थानों पर उसकी तलाश कर रही हैं। महाराष्ट्र पुलिस से भी लगातार संपर्क बनाकर इनपुट साझा किए जा रहे हैं। शीघ्र गिरफ्तार कर लिए जाने की पूरी कोशिश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।