आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा पुलिस परिसर, थाना में बनेगा 31 फीट ऊंचा दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर
केराकत, जौनपुर में पुलिस कोतवाली परिसर में 50 लाख की लागत से 31 फीट ऊँचा दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर बन रहा ...और पढ़ें

थाना परिसर में बनेगा 31 फीट ऊंचा दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर।
HighLights
केराकत पुलिस परिसर में 31 फीट ऊंचा हनुमान मंदिर।
लगभग 50 लाख की लागत से जनसहयोग से निर्माण।
पुलिसकर्मियों और आमजन के लिए मानसिक शांति का स्रोत।
जागरण संवाददाता, केराकत (जौनपुर)। क्षेत्र में आस्था और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल करते हुए कोतवाली परिसर में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से 31 फीट ऊँचा दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि पुलिस परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक शांति का भी स्रोत होगा।
थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर का निर्माण पुलिसकर्मियों के आपसी सहयोग, क्षेत्र के उद्योगपतियों, वरिष्ठ जनों एवं आचार्य वर्ग के मार्गदर्शन से किया जा रहा है। यह कार्य पूरी तरह जनसहयोग और श्रद्धा के भाव से आगे बढ़ रहा है।
मंदिर परिसर में हनुमान जी की 5 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा की स्थापना की जाएगी, जबकि मंदिर की कुल ऊँचाई 31 फीट होगी। मंदिर का वास्तु शास्त्र एवं शिल्प परंपरागत विधि से किया जा रहा है।
इसके निर्माण के लिए राजस्थान से विशेष कारीगरों को बुलाया गया है, जो लगातार उत्कृष्ट शिल्पकला के साथ निर्माण कार्य में लगे हुए हैं। दक्षिणमुखी हनुमान जी को शक्ति, साहस और संकट निवारण का प्रतीक माना जाता है।
ऐसे में पुलिस परिसर में इस मंदिर की स्थापना से न केवल पुलिसकर्मियों को मानसिक बल मिलेगा, बल्कि आमजन में भी आस्था और विश्वास का संचार होगा।
