जौनपुर में अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत पांच गिरफ्तार
जौनपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सरगना शुभम सिंह उर्फ शिवा समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जौनपुर : सुजानगंज में गिरफ्तार असलहा तस्कर के आरोपित। जागरण
जागरण संवाददाता, जौनपुर। असलहा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में शनिवार को जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना सरपतहां थाना क्षेत्र के जूड़ापुर गांव निवासी शुभम सिंह उर्फ शिवा व उसके चार साथियों को पुलिस ने 9 एमएम की प्रतिबंधित पिस्टल सहित पांच अवैध असलहा व 200 से भी अधिक कारतूसों के साथ सुजानगंज से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तस्करी के असलहों की बिक्री से 7.58 लाख रुपये व 11 मोबाइल फोन भी मिले। गिरफ्तार आरोपितों में तीन मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के निवासी हैं।
असलहे की खरीद-फरोख्त की मिली थी खबर
सीओ मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने पुलिस लाइन में मीडिया से बातचीत में बताया कि सुजानगंज थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सुराग मिला कि कुरांवा नहर पुलिया के पास स्कार्पियो वाहन सवार अंतरप्रांतीय गिरोह के तस्कर असलहा की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं।
पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच घेराबंदी कर शुभम सिंह उर्फ शिवा सिंह व उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अन्य आरोपितों में सरपतहां के छीतम पट्टी गांव का संतोष कुमार बिंद, शहडोल कोतवाली के वार्ड नंबर-15 बाड़गंगा निवासी सौरभ सिंह, गायत्री मंदिर के पास के अनीश सिंह व बाड़गंगा तिराहा निवासी दिग्विजय सिंह हैं।
आरोपितों के पास से दो बंदूक, एक 9 एमएम की प्रतिबंधित, एक-एक रायफल व ब्राजील माडल ग्लाक पिस्टल के अलावा खरीद-बिक्री से मिले 7.58 लाख रुपये व विभिन्न कंपनियों के 11 मोबाइल फोन मिले।
सरपतहां थाने का हिस्ट्रीशीटर है शुभम
गोल्डी गुप्ता ने बताया शुभम सिंह सरपतहां थाने का हिस्ट्रीशीटर है। दो माह पूर्व जमानत पर जेल से छूटा था। उसके विरुद्ध जौनपुर, बलिया, सुलतानपुर, कानपुर, लखनऊ, मुजफ्फर नगर जिलों के विभिन्न थानों के साथ ही दिल्ली के पड़पड़गंज थाना में 18 मुकदमे दर्ज हैं। उसने वर्ष 2022 में बिहार की राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में अमनाबाद सोन नदी क्षेत्र स्थित कवरिया घाट सोन टीला में अवैध बालू खनन को लेकर हुए गैंगवार में प्रयुक्त रायफल, पिस्टल व कारतूस सप्लाई किया था।
पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार
एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने अंतरप्रांतीय असलहा तस्कर गिरोह की गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। टीम में थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय के अलावा उपनिरीक्षक आनंद राय, हेड कांस्टेबल मानस तिवारी, कांस्टेबल शुभम सिंह, अमरनाथ तिवारी, गया प्रसाद पटेल, वरुण यादव, संजीव यादव, श्याम सुंदर व सोनू पासवान रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।