विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर में शादी का निमंत्रण पत्र डाउनलोड करते ही खाते से उड़े 1.76 लाख रुपये, वाट्सएप पर आया था मैसेज

Published: Mon, 14 Sep 2026 02:38 PM (IST)

जौनपुर में एक व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गया, जब उसने व्हाट्सएप पर आए शादी के निमंत्रण पत्र वाली एपीके फाइल डाउनलोड की।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. व्हाट्सएप पर निमंत्रण पत्र वाली एपीके फाइल से धोखाधड़ी।

  2. जौनपुर के प्रिंस यादव ने गंवाए 1.76 लाख रुपये।

  3. साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत, पुलिस जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। सावधान! यदि आपके वाट्सएप पर अंजान नंबर से निमंत्रण पत्र भी आए तो फाइल डाउनलोड कर पढ़ने से पूर्व छानबीन जरूर कर लें। यह साइबर जालसाजों का भेजा हो सकता है।

इसी तरह से क्षेत्र के कुरेथू गांव निवासी प्रिंस यादव का मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से जालसाजों ने 1.76 लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस अज्ञात आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी है।

गत 6 सितंबर को प्रिंस यादव के वाट्सएप पर अपरिचित मोबाइल फोन नंबर से शादी के निमंत्रण पत्र नाम से एपीके फाइल आई। प्रिंस यादव के डाउनलोड कर फाइल खोलते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया।

इसके बाद उनके यूनियन बैंक आफ इंडिया, शाखा गौराबादशाहपुर में संचालित खाते से पलक झपकते ही चार बार में 1,76,850 रुपये देखते ही देखते गायब हो गए। खाते से रुपये निकलने का मैसेज आते ही वह स्तब्ध रह गए।

उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर-1930 पर शिकायत दर्ज कराई। बैंक जाकर पड़ताल करने पर अधिकारियों ने बताया पैसा गूगल आइडी के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजक्शन के माध्यम से ट्रांसफर किए गए हैं।

प्रिंस यादव ने बताया कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि एक छाेटी सी चूक से इस तरह की घटना हो सकती है। तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपित के विरुद्ध दर्ज मुकदमे की विवेचना सीओ केराकत जय प्रकाश राय को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- वाराणसी के सीवर में बालू से भरी बोरियां डालने वालों की तलाश, अख‍िलेश यादव ने उठाया सवाल