जौनपुर में 'चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर' लिखना पड़ा भारी, लेखपाल निलंबित
जौनपुर में लेखपाल अशोक कुमार यादव को फेसबुक पर 'चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर' पोस्ट करना ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
लेखपाल अशोक कुमार यादव फेसबुक पोस्ट पर निलंबित हुए।
'चाय खतरे में है मित्तर' पोस्ट बनी निलंबन का कारण।
सरकारी कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने की हिदायत।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। शाहगंज तहसील में तैनात लेखपाल अशोक कुमार यादव को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करना भारी पड़ गया। फेसबुक पर उन्होंने रविवार को “चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर” लिखकर पोस्ट किया। पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला तहसील प्रशासन के संज्ञान में आया। अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की।
तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल अशोक कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन में भी खलबली मच गई। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी सेवा में रहते हुए कर्मचारियों और अधिकारियों को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करते समय आचरण नियमों का ध्यान रखना चाहिए। किसी भी ऐसी पोस्ट से बचना चाहिए, जिससे विभाग की छवि प्रभावित हो या विवाद की स्थिति उत्पन्न हो।
बताया जा रहा है कि लेखपाल की फेसबुक पोस्ट रविवार को इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में आई। इसके बाद तहसील स्तर से मामले की जानकारी जुटाई गई और उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने कर्मचारियों को इंटरनेट मीडिया पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी या पोस्ट करने से पहले उसके प्रभाव पर विचार करने की हिदायत दी है। लेखपाल के निलंबन की कार्रवाई को इसी दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
