जौनपुर की गलियों में फिर लौटेगी 'शाही इत्र' की खुशबू, फूलों की खेती करने वाले किसानों को सरकार देगी पैसा
जौनपुर का ऐतिहासिक इत्र उद्योग, जो तीन दशक पहले खाड़ी देशों को निर्यात होता था, अब सरकार के प्रयासों से पुनर्जीवित हो रहा है।

सुइथाकला में गेंदा के फूल की खेती को देखती जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा। फोटो- जागरण
HighLights
जौनपुर का तीन दशक पुराना इत्र उद्योग पुनर्जीवित हो रहा।
सरकार फूलों की खेती को बढ़ावा देकर किसानों को मदद।
बेला, गुलाब, चमेली की खेती पर किसानों को अनुदान मिल रहा।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। जनपद सुगंधित इत्र के निर्माण और निर्यात के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान रखता था। करीब तीन दशक पूर्व तक यहां तैयार किया गया इत्र खाड़ी देशों में निर्यात किया जाता था।
हालांकि समय के साथ किसानों का रुझान बदला और स्थानीय इत्र उद्योग मंदी की चपेट में आ गया। अब सरकार इस प्राचीन पहचान को पुनर्जीवित करने व किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से फूलों की खेती को बढ़ावा देने में जुट गई है।
इत्र उद्योग को नई संजीवनी देने व फूलों की खेली को बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग और शासन स्तर पर कई प्रोत्साहन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को बेला, गुलाब और चमेली की व्यावसायिक खेती के लिए विभागीय योजनाओं के माध्यम से अनुदान दिया जा रहा है।
सरकार की मंशा है कि आधुनिक तकनीक और वित्तीय मदद के सहारे किसानों को फिर से पारंपरिक पुष्प कृषि की ओर मोड़ा जाए। पारंपरिक फसलों के मुकाबले फूलों की खेती से कम समय और कम लागत में बेहतर मुनाफा कमाया जा सकता है। इससे ऐतिहासिक जौनपुरी इत्र की महक दोबारा अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचेगी, बल्कि जिले के युवाओं और किसानों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
जनपद के प्रमुख उत्पादन क्षेत्र
सिरकोनी, खानपुर अकबर, जमालपुर (करंजाकला) में ग्लेडियोलस; चाचकपुर (धर्मापुर) में गेंदा व रामनगर व रामपुर क्षेत्र में गेंदा व गुलाब का उत्पादन प्रमुखता से हो रहा है। नगर के सिपाह, चौकियां, चाचकपुर व हुसैनाबाद स्थानीय बिक्री केंद्र हैं। वहीं निकटवर्ती वाराणसी (काशी विश्वनाथ मंदिर व प्रमुख मंडियों) तक सड़क परिवहन से ताजे फूल भेजे जा रहे हैं।
जनपद में फूलों की खेती का क्षेत्रफल
- विवरण वर्ष 2024-25- वर्ष 2025-26- वर्ष 2026-27
- पुष्प खेती का कुल क्षेत्रफल (हेक्टेयर)- 113- 116- 117.5
- गेंदा का क्षेत्रफल (हेक्टेयर) -45.2- 47- 49
- गुलाब का क्षेत्रफल (हेक्टेयर)- 59.4- 61 -63
- ग्लैडियोलस का क्षेत्रफल (हेक्टेयर)- 6.2- 6- 7
- अन्य फूलों का क्षेत्रफल (हेक्टेयर)- 2.2- 2- 2.1
- कुल उत्पादन (क्विंटल)- 9335- 9543- 9612
विभिन्न योजनाओं में खेती का लक्ष्य (हेक्टेयर में)
- एकीकृत बागवानी विकास मिशन- गेंदा -10 हेक्टेयर, ग्लैडियोलस- 02 हेक्टेयर.
- मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना- गेंदा -29हेक्टेयर, ग्लैडियोलस- 07 हेक्टेयर
- राज्य सेक्टर अनुसूचित जाति, जनजाति (भौतिक लक्ष्य)- गेंदा चार हेक्टेयर, गुलाब दो हेक्टेयर
भावी योजनाएं व क्लस्टर विकास
जिले में गेंदा, ग्लेडियोलस व गुलाब-रजनीगंधा के प्रस्तावित क्लस्टर बनाकर किसानों को प्रशिक्षण, उन्नत पौध और कट फ्लावर विपणन की सुविधाएं देने की तैयारी है। इससे न केवल कृषकों की आय बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण युवाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए भी रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। -डॉ. सीमा सिंह राणा, जिला उद्यान अधिकारी।
क्या बोले किसान
पारंपरिक खेती की तुलना में फूलों की खेती किसानों के लिए अधिक लाभकारी साबित हो रही है। मैंने एक एकड़ में गेंदा फूल की खेती की है। फूलों की बिक्री से एक लाख रुपये तक की आमदनी होने का अनुमान है। -अमित कुमार, रामपुर, मुंगराबादशाहपुर।
किसान दिवस के अवसर पर उद्यान विभाग की ओर से ग्लेडियोलस के बीज निश्शुल्क उपलब्ध कराया गया हैं। इन बीजों से करीब 10 बिस्वा क्षेत्रफल में फूलों की खेती कर रहा हूं। -राम सूरत पटेल, धौरहरा।
गेंदा के फूल को स्थानीय चौषठी देवी धाम के मालियों को बेचते हैं। इस समय शादी-विवाह का सीजन होने के नाते दो सौ रुपया प्रति किलो भाव मिल रहा है। सामान्य दिनों में 120 से 150 रुपये प्रति किलो बिकता है। -हरीराम, बुमकहां, सरपतहां।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।