जौनपुर में किसानों को खेती के लिए 3% ब्याज पर मिलेगा तीन लाख तक का लोन, मेगा ऋण शिविर का आयोजन
जौनपुर के महराजगंज क्षेत्र में किसानों के लिए 'मेगा ऋण शिविर' आयोजित हुआ, जहां उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
जौनपुर में किसानों के लिए मेगा ऋण शिविर आयोजित।
किसान क्रेडिट कार्ड से 3 लाख तक का ऋण 3% पर।
किसानों को साहूकारों से बचाने और खेती मजबूत करने हेतु।
जागरण संवाददाता, महराजगंज (जौनपुर)। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें सुलभ कृषि ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को महराजगंज क्षेत्र स्थित फत्तूपुर साधन सहकारी समिति पर 'मेगा ऋण शिविर' का आयोजन किया गया।
शिविर में उपस्थित किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए तीन लाख रुपये तक का अल्पकालीन कृषि ऋण महज तीन प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर देने की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर में आए विशेषज्ञों व वक्ताओं ने किसानों को अल्पकालीन ऋण के साथ-साथ सरकारी ब्याज अनुदान और कृषि बीमा योजना के फायदों के बारे में जागरूक किया।
वक्ताओं ने कहा कि कम ब्याज दर पर समय से ऋण मिलने से किसानों को अपनी फसलों की लागत और कृषि संबंधी जरूरतों के लिए साहूकारों के पास नहीं भटकना पड़ेगा। इससे वे महंगे ब्याज दर के कर्ज जाल से बच सकेंगे और खेती-किसानी को आर्थिक मजबूती मिलेगी।
समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के पात्र किसानों से आह्वान किया कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ समिति कार्यालय में संपर्क करें और केसीसी तथा अल्पकालीन ऋण योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस दौरान समिति के सचिव सर्वदेव दुबे, अध्यक्ष भोला प्रसाद सेठ, शाखा प्रबंधक रामचंद्र, किसान यूनियन नेता धर्मराज यादव, अरुण कुमार पाठक, अभिषेक, मातादीन और शिव सोनी सहित भारी संख्या में स्थानीय किसान रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली की 199 ग्राम पंचायतों में डिजिटल क्रांति: वाई-फाई और किताबों के बाद अब लगने वाले हैं कंप्यूटर
