बरेली की 199 ग्राम पंचायतों में डिजिटल क्रांति: वाई-फाई और किताबों के बाद अब लगने वाले हैं कंप्यूटर
बरेली जिले की 199 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनकर तैयार हैं, जहाँ किताबें, फर्नीचर और वाई-फाई सुविधा उपलब्ध है। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।
HighLights
पुस्तकें और फर्नीचर उपलब्ध, इंटरनेट कनेक्शन भी, बच्चे पढ़ाई भी कर रहे
सभी लाइब्रेरी में एक सप्ताह में कंप्यूटर सिस्टम भी लगने हो जाएंगे शुरू
जागरण संवाददाता, बरेली। जिले की 199 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनकर तैयार हो गई हैं। यहां फर्नीचर के साथ पुस्तकें भी उपलब्ध हो गई हैं। गांव के बच्चे पढ़ने के लिए भी आ रहे हैं। इंटरनेट कनेक्शन कर वाई-फाई की सुविधा भी दी जा रही है ताकि मोबाइल के माध्यम से छात्र आनलाइन भी पढ़ाई कर सकें।
यद्यपि इन लाइब्रेरियों में अभी कंप्यूटर सिस्टम नहीं पहुंचे हैं लेकिन इनकी खरीद हो गई है और एजेंसी की ओर से एक सप्ताह में सभी जगह इनकी सप्लाई भी कर दी जाएगी।
जिले की 199 ग्राम पंचायतों में से सबसे ज्यादा फतेहगंज पश्चिमी ब्लाक में 40, आलमपुर जाफराबाद में 14, बहेड़ी में 18, भदपुरा में आठ, भोजीपुरा में 13, भुता में नौ, बिथरी चैनपुर में पांच, दमखोदा में आठ, फरीदपुर में 15, क्यारा में 14, मझगवां में 27, मीरगंज में सात, नवाबगंज में सात और शेरगढ़ में आठ ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनाई गई हैं।
इन सभी लाइब्रेरी में नेशनल बुक ट्रस्ट के साथ अन्य प्रकाशकों की पुस्तकों की सप्लाई पूरी कर दी गई है। सभी जगह फर्नीचर भी पहुंच गया है। इन लाइब्रेरी में रोजाना औसत 15 से 20 लोग पढ़ने के लिए भी पहुंच रहे हैं।
प्रत्येक लाइब्रेरी में 1.30 लाख की लागत से कंप्यूटर सिस्टम लगाया जाना है। इसकी सप्लाई सात दिन में पूरी हो जाएगी। जिले की अलग-अलग ग्राम पंचायतों में बुधवार को जागरण की टीम ने निरीक्षण किया तो अधिकांश जगह गांव के लोग पढ़ते हुए मिले।
पनवरिया मुस्तकीम, अगरास, भरतौल, रिछौला किफायतुल्ला और सिंगरा में बच्चे लाइब्रेरी में पढ़ते मिले। डीपीआरओ कमल किशोर ने बताया कि सभी डिजिटल लाइब्रेरी में पुस्तकें और फर्नीचर उपलब्ध हैं। एक सप्ताह में सभी जगह कंप्यूटर सिस्टम भी लग जाएंगे।
सिगरा में पढ़ते मिले बच्चे
मीरगंज की ग्राम पंचायत सिंगरा में डिजिटल लाइब्रेरी में दोपहर दो बजे के करीब लगभग 10 बच्चे पढ़ते मिले। यहां पर रैक में अलग-अलग प्रकाशकों की पुस्तकें भी रखी हुई थीं। यहां मौजूद फर्नीचर भी ठीक स्थिति में मिला।
हालांकि अभी यहां कंप्यूटर सिस्टम नहीं लगा था, जिसकी वजह से उन बच्चों को परेशानी हो रही है, जिनके पास मोबाइल की सुविधा नहीं है, क्योंकि आनलाइन पढ़ाई के लिए कंप्यूटर की आवश्यकता है।
रिछौला की लाइब्रेरी में तैयारी कर रहे बच्चे
नवाबगंज की ग्राम पंचायत रिछोला किफायतुल्ला में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की गई है। यहां पर दोपहर तीन बच्चे सात-आठ बच्चे पढ़ाई कर रहे थे।
इनमें से कुछ बच्चे अपने पाठ्यक्रम से संबंधित पढ़ाई कर रहे थे तो कुछ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे थे। यहां की रैक में भी अलग-अलग तरह की पुस्तकें उपलब्ध मिलीं और फर्नीचर भी ठीक था। यहां भी अभी कंप्यूटर की सप्लाई होनी शेष है।
भरतौल की लाइब्रेरी काफी अच्छी
बिथरी चैनपुर की ग्राम पंचायत भरतौल की लाइब्रेरी काफी अच्छी बनी हुई है। यहां पर बच्चों के बैठने के लिए अलग-अलग चैंबर भी बने हुए हैं ताकि उन्हें पढ़ाई के समय किसी तरह की दिक्कत न हो। यहां लाइब्रेरी में अच्छी तरीके से वाल पेंटिंग भी की गई है। यहां बुधवार को बच्चे पढ़ते मिले। यहां वाई-फाई की सुविधा भी उपलब्ध है।
