जौनपुर में फार्मर रजिस्ट्री न होने से किसानों को नहीं मिल रहा योजनाओं का लाभ, डेढ़ लाख लोग परेशान
जौनपुर में डेढ़ लाख किसान फार्मर रजिस्ट्री पूरी न होने के कारण किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
डेढ़ लाख किसान फार्मर रजिस्ट्री न होने से योजनाओं से वंचित।
आधार-खतौनी मिसमैच, चकबंदी प्रक्रिया मुख्य बाधाएं बनीं।
किसानों को लाभ दिलाने हेतु विशेष अभियान संचालित।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। किसान सम्मान निधि समेत विभिन्न योजनाओं का पारदर्शी व त्वरित लाभ देने की मंशा से एग्री स्टैक योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री कराई जा रही है। इसमें आधार कार्ड की तर्ज पर किसान कार्ड बनाया जा रहा है। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद भी किसानों को तमाम दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं।
फार्मर रजिस्ट्री न होने से योजनाओं का लाभ पाने में डेढ लाख किसान दुश्वारियां झेल रहे हैं। इनमें का आधार कार्ड व खतौनी में नाम मिसमैच होने, दूसरे प्रांत का आधार कार्ड होने, चकबंदी वाले गांवों के 1,25997 किसानों का कार्ड नहीं बन रहा है। कार्ड न बनने से किसानों को धान बेचने, उर्वरक लेने सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, जिले में कुल 879,300 पंजीकृत किसान हैं। इनमें से अब तक 721150 किसानों की ही फार्मर रजिस्ट्री हो सकी है। बड़ी संख्या में किसानों के पिछड़ने के मुख्य कारणों में चकबंदी प्रक्रिया भी है। इससे 95 गांवों के 53,473 किसान रजिस्ट्री नहीं करा पाए हैं।
इसके अलावा भूमि का सही अंश निर्धारण न होने से 30,407 किसान, किसानों का निधन हो जाने के कारण 23,825 किसान व आधार कार्ड व खतौनी में नाम का मिलान न होने (मिसमैच) के कारण 18,292 किसान इस प्रक्रिया से वंचित रह गए हैं।
योजनाओं का लाभ पाने के लिए सत्यापित खतौनी से कराएं पंजीकरण
जौनपुर: जिलाधिकारी की पहल पर जिले में तीन अक्टूबर से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिससे शत-प्रतिशत किसानों को जोड़ा जा सके। वंचित किसान बिना किसी देरी के अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूरी करवा सकते हैं।
'फार्मर रजिस्ट्री यूपी' मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे स्वयं पंजीकरण किया जा सकता है। इसके अलावा कृषि विभाग द्वारा लगाए जा रहे विशेष कैंपों की मदद ली जा सकती है। आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर व खतौनी लेकर नजदीकी जन सेवा केंद्र पर निर्धारित शुल्क देकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री और किसान कार्ड बनवाया जा सकता है।
किसी कारणवश फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है या गाटा संख्या छूट गया है तो किसान एफसीएस डाट यूपी डाट जीओवी डाट इन पर सत्यापित खतौनी से आनलाइन पंजीकरण करा लें। पंजीकरण के बाद खतौनी के हिसाब से उर्वरक व अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के साथ ही धान भी बेच सकते हैं। -अश्वनी सिंह, उप कृषि निदेशक।
दस दिन बीत गए नहीं हुई बोहनी
जनपद के 161 क्रय केंद्रों पर दो नवंबर से धान की खरीद शुरू कर दी गई है। खरीद शुरू हुए दस दिन बीत गए और अभी तक जिले में बोहनी नहीं हुई है। डिप्टी आरएमओ अमित द्विवेदी ने बताया कि धान बेचने के लिए 2130 किसानों ने अभी तक पंजीकरण कराया है, इनमें 579 का सत्यापन भी कर दिया गया है।
धान में नमी होने के कारण अभी किसान केंद्रों पर उत्पाद लेकर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री में जिन किसानों का गाटा संख्या छूट गया है वह सभी गाटा का आनलाइन पंजीकरण करा लें। उसी आधार पर धान खरीद लिया जाएगा।
जनपद में धान खरीद का आंकड़ा
- धान खरीद का लक्ष्य-163000 मीट्रिकटन
- धान खरीद के लिए बने केंद्र-161
- कामन धान का समर्थन मूल्य-2441 रुपये क्विंटल
- ग्रेड ए धान का समर्थन मूल्य-2461 रुपये प्रति क्विंटल
- धान खरीद का समय-सुबह नौ से शाम पांच बजे तक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।