विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर के दरी उद्योग को फिर मिलेगी रफ्तार, बुनकरों के फायदे के लिए प्रशासन बनाएगा कार्ययोजना

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:46 PM (GMT+05:30)

जौनपुर के पारंपरिक दरी उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए प्रशासन एक कार्ययोजना तैयार करेगा। यह योजना बुनकरों की समस्याओं का समाधान करेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. प्रशासन जौनपुर दरी उद्योग के पुनरुद्धार हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाएगा।

  2. बुनकरों की समस्याओं का समाधान कर उद्योग को बाजार से जोड़ेगा।

  3. कच्चे माल की बढ़ती लागत और सीमित बाजार प्रमुख चुनौतियां।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। जिले की पारंपरिक दरी उद्योग को अब नई पहचान और संजीवनी मिलने की उम्मीद जगी है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना में शामिल होने के बावजूद अपेक्षित सुविधाओं और प्रोत्साहन के अभाव में दम तोड़ रहे इस उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन कार्य योजना तैयार करेगा।

इसके माध्यम से दरी बुनकरों की समस्याओं का समाधान करने के साथ ही उद्योग को बाजार से जोड़ने और इसकी पहचान व्यापक स्तर पर स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

जौनपुर के दरी उद्योग की बदहाली व ओडीओपी में शामिल होने के बाद भी बुनकरों की अनदेखी के मुद्दे को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था। अभियान के माध्यम से उद्योग से जुड़े लोगों की समस्याओं, घटते कारोबार, सीमित बाजार और सरकारी योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिलने जैसे पहलुओं को सामने लाया गया। इसके बाद प्रशासन ने इस दिशा में पहल करने का भरोसा दिया है।

दरी उद्योग की अपनी अलग पहचान है। ऐसे में अब इसे संरक्षित करने और आगे बढ़ाने के लिए प्रयासों को बल मिलेगा। दरअसल, जिले में दरी बुनाई लंबे समय से रोजगार का प्रमुख माध्यम रही है। बड़ी संख्या में परिवार इस परंपरागत कारोबार से जुड़े हैं।

हालांकि, बदलते बाजार, मशीन निर्मित उत्पादों से प्रतिस्पर्धा, कच्चे माल की बढ़ती कीमत ने बुनकरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रामपुर, मड़ियाहूं, बरसठी व रामनगर बड़ी संख्या में लोग दरी के कारोबार से जुड़े थे, जिनकी संख्या अब सिमट रही है।

क्या बोले बुनकर

कच्चे माल की बढ़ती कीमत ने कारोबार मुश्किल कर दिया है। धागे के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन तैयार दरी की कीमत उस अनुपात में नहीं मिलती। ऐसे में मेहनत के बाद भी आमदनी बहुत कम बचती है। -अफगानी, सरायडीह, सुरेरी।

 

कहने को तो बहुत सी योजनाएं सरकार लागू हैं, लेकिन धरातम पर कम देखने को मिल रहा। सबसे बड़ी समस्या बाजार में खुद को स्थापित करने की है। नए डिजाइन से भी बुनकरों को रूबरू कराना होगा। -सरफराज, बुनकर, मड़ियाहूं।

 

बजार में दरी की मांग कम होने की वजह से काम अधिक नहीं मिल रहा है। किसी तरह पुश्तैनी कार्य को जीवित रखा हूं। इस काम से युवाओं का मोहभंग हो रहा, जिन्हें जोड़ना बेहद जरूरी है। इसके लिए जमीनी स्तर पर काम करना होगा।
अबू बकर, बुनकर, मडियाहूं।

 

ऐसा हो प्रयास तो बने बात

  • कारीगरों को दिया जाए प्रशिक्षण।
  • दरी व्यवसाय से जुड़े लोगों को किया जाय प्रशिक्षित
  • बाजार की मांग के हिसाब से उपलब्ध कराया जाए उत्पाद।
  • दरी व्यवसाय से जोड़ने वालों को किया जाए प्रोत्साहित।

दरी उद्योग की बेहतरी के लिए जरूरी सभी कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए विस्तृत कार्य योजना बनाई जाएगी साथ ही कमियों को भी दूर किया जाएगा। बुनकरों की समस्याओं का भी समाधान होगा, जिससे यह उद्योग एक बार फिर खड़ा हो सके। -उमेश मिश्र, जिलाधिकारी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।