आयतुल्लाह खामेनेई की शहादत पर निकले कैंडल मार्च में उमड़ा जनसैलाब, अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारेबाजी
जौनपुर में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की शहादत की खबर पर शोक और आक्रोश व्यक्त करते हुए ...और पढ़ें

आयतुल्लाह खामेनेई की शहादत पर निकले कैंडल मार्च में उमड़ा जनसैलाब।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जौनपुर। ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की शहादत की खबर के बाद शहर में शोक और आक्रोश है। सदर इमामबाड़ा से मौलाना सफदर हुसैन जैदी व अंजुमन शमशीर हैदरी के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया जो ईदगाह परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लिए लोगों ने विरोध दर्ज कराया। इस दौरान अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
मौलाना सफदर हुसैन जैदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आयतुल्लाह ख़ामेनेई ने इस घटना की कड़ी निंदा की। कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। मौलाना ने अपील की कि लोग संविधान के दायरे में रहकर अपना विरोध दर्ज कराएं, ताकि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की जा सके।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही, उन्होंने लोगों से अपील की कि वे संबंधित देशों के उत्पादों का बहिष्कार कर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध प्रकट करें।
मार्च के समापन पर आए हुए जनसैलाब ने ईरान में शहीद हुए लोगो के लिए दुआ की और अमन-ओ-अमान की कामना की। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान मौलाना जफर हसन खान, मौलाना आसिफ अब्बास, मौलाना अंबर अब्बास, मौलाना सैफ आब्दी, मौलाना आगा मोहसिन, मौलाना यासिर, मौलाना शुजा, मौलाना शाजान जैदी, मौलाना अहमद हसन खान, मौलाना शाने आलम, मौलाना हसन हैदर, मौलाना इकरार आजमी, मौलाना अली अब्बास हायरि, मौलाना शायान हैदर, अली मंजर, नौशाद हुसैन के साथ बड़ी हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ा रहा।
खामोशी व सब्र के साथ मनेगी ईद
मल्हनी में इस बार ईद जौनपुर में सादगी, संजीदगी और इबादत के माहौल में मनाई जाएगी। जनपद के शिया समाज ने इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित अपील को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया है कि त्योहार पर किसी प्रकार का सार्वजनिक जश्न, रोशनी या भव्य आयोजन नहीं किया जाएगा।
समुदाय के लोगों का कहना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए ईद को सादगी से मनाएंगे। शहर और आसपास के क्षेत्रों के इमामबाड़ों व मस्जिदों में भी सादगी बरतने की तैयारी है। ईद की नमाज अदा करने के बाद विशेष दुआओं का एहतमाम किया जाएगा।
बलुआघाट, ओलंदगंज, कटघरा, बेगमगंज, उत्तरपट्टी, मझली पट्टी, दक्षिण पट्टी और सिपाह समेत विभिन्न मोहल्लों में रहने वाले शिया परिवारों का कहना है कि यह वक्त खुशी के प्रदर्शन का नहीं, बल्कि सब्र, एकता और आध्यात्मिक मजबूती दिखाने का है। कई परिवारों ने इस बार पारंपरिक दावतों और बड़े आयोजनों से दूरी बनाने का निर्णय लिया है।
