जौनपुर में परिवार गृह प्रवेश में था शामिल, चोरों ने नकदी समेत उड़ा ले गए 45 लाख के आभूषण
जौनपुर में एक घर से गृह प्रवेश के दौरान चोरों ने छत के रास्ते घुसकर लगभग 45 लाख के आभूषण ...और पढ़ें
-1782559422958_m.webp)
घर से चोरों ने नकदी समेत उड़ा ले गए 45 लाख के आभूषण।
HighLights
केराकत में गृह प्रवेश के दौरान 45 लाख के आभूषण चोरी।
चोरों ने छत के रास्ते घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
व्यापार मंडल ने चोरी के खुलासे के लिए पुलिस को अल्टीमेटम दिया।
जागरण संवाददाता, केराकत (जौनपुर)। नगर के नालापार मोहल्ले में शुक्रवार की देर रात थाना से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर पवन हलुवाई के घर में छत में घुसे चोर और लगभग 45 लाख रुपये कीमत के आभूषण व 30 हजार रुपये नकदी ले उड़े।
पवन हलवाई शेखजादा मोहल्ले स्थित स्थित नए मकान के गृह प्रवेश कार्यक्रम में परिवार के साथ गए हुए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए।
इसके बाद उन्होंने कमरों में रखी आलमारी और बक्सों को खंगाल डाला और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। गृह प्रवेश कार्यक्रम से वापस लौटने पर परिवार ने घर का सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। जांच करने पर आलमारी में रखे कीमती गहने गायब मिले।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान में दो हार, झुमका, चार अंगूठी, दो मंगलसूत्र, चांदी की पायल, चूड़ी, नथिया, करधनी समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं।
वहीं दूसरे कमरे में रखे 30 हजार रुपये नकद और अन्य जेवरात भी चोरी हो गए। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
पीड़ित ने चार नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर देकर चोरी का राजफाश करने की मांग की। पुलिस आरोपितों को हिरासत में लेकर मामले की तह में जुटी हुई है। थाने से इतनी कम दूरी पर हुई चोरी की लोगों में खूब चर्चा है।
चोरी से व्यापार मंडल आक्रोशित
केराकत नगर के पुरानी चौराहे के पास देर शाम को हुई चोरी से व्यापार मंडल आक्रोशित है। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष प्रदीप कमलापुरी पिंकू की अध्यक्षता में शनिवार दर्जनों व्यापारियों ने पंहुचकर चोरी का विरोध करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार पाण्डेय को पत्रक सौंपा। व्यापारियों ने चेताया कि अगर चार दिन के अन्दर चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो संगठन और उग्र प्रदर्शन करने पर विवश होगा।
किराने की दुकान में पचास हजार की चोरी
केराकत क्षेत्र के नरायनपुर गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने शटर तोड़कर गांव निवासी सुबास की किराने की दुकान में घुसकर चार हजार नगदी सहित पचास हजार के सामानों पर हाथ साफ कर दिया। सुबह चोरी की जानकारी होने पर सुबास जब दुकान पर पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन सरक गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
डाग स्क्वायड की कमी खल रही
जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच एक बार फिर लोगों के बीच डाग स्क्वायड टीम की कमी चर्चा का विषय बन गई है। नगर में 45 लाख की बड़ी चोरी के बाद लोगों का कहना है कि पहले की तरह प्रशिक्षित डाग स्क्वायड टीम होती तो पुलिस को घटनास्थल से अहम सुराग मिल सकते थे और चोरों तक पहुंचने में काफी मदद मिलती।
एक समय जौनपुर पुलिस के डाग स्क्वायड के चर्चित श्वान 'शौर्य' और 'बादल' ने चोरी, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामलों में महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर अपराधियों तक पुलिस को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
