जौनपुर में वन विभाग को मिली 20 हेक्टेयर भूमि, 32 हजार पौधों से विकसित होगी नई फॉरेस्ट एरिया
जौनपुर में वन विभाग को 20 हेक्टेयर भूमि मिली है, जिस पर 32,000 पौधे लगाकर नया वन क्षेत्र विकसित किया जाएगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
वन विभाग को जौनपुर में 20 हेक्टेयर भूमि मिली।
इस भूमि पर 32,000 पौधे रोपित किए जाएंगे।
NH 135-A फोरलेन के बदले हरियाली की भरपाई।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। वन विभाग को मिली 20 हेक्टेयर भूमि को वन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। एनएच 135-ए जौनपुर-अकबरपुर फोनलेन में वन विभाग की गई 14 हेक्टेयर भूमि के बदले 20 हेक्टेयर भूमि मिली है। इसमें साढ़े 15 हेक्टेयर भूमि एनएचएआई तो 4.5 एकड़ भूमि पीडब्ल्यूडी की ओर से दिया गया है। यहां तकरीबन 32 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे, जिसका प्रस्ताव बना शासन को भेज दिया गया है।
राजस्व विभाग की मदद से सिरकोनी ब्लॉक के ताला मझवारा, अमदहां व बक्शा ब्लाक के चकधनुआ गांव में सरकारी भूमि को वन विभाग को दिया गया है। विभाग इसे वन संरक्षित भूमि में परिवर्तित कर बरगद, नीम, शीशम सहित अन्य तरह के पौधों को लगाएगा।
फोरलेन के निर्माण से सफर भले आसान हुआ है, लेकिन बड़ी संख्या में काटे गए हरे पेड़ों से हरियाली भी प्रभावित हुई है। ऐसे में इस पहल न सिर्फ तस्वीर बेहतर होगी, बल्कि नुकसान की भी भरपाई की जा सकेगी।
प्रति हेक्टेयर लगाए जाएंगे 1600 पौधे
विभाग को मिली भूमि पर प्रति हेक्टेयर में 1600 पौधे लगेंगे। इस हिसाब से 20 हेक्टेयर भूमि में 32 हजार पौधों का रोपण होगा।
पर्यावरण संरक्षित करने के लिए पौधारोपण व वृक्षों को सहेजना ही विकल्प है। वन विभाग को मिली भूमि को वन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित स्थलों पर वृहद पौधारोपण कराया जाएगा। -हरिओम श्रीवास्तव, उप प्रभागीय वनाधिकारी।