पौने चार वर्षों में सपा सरकार के किए कार्यों का काटा जा रहा फीता
जागरण संवाददाता जौनपुर मल्हनी विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी के प्रचार में पहुंचे पूर्व म
जागरण संवाददाता, जौनपुर : मल्हनी विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी के प्रचार में पहुंचे पूर्व मंत्री पवन पांडेय शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश की सरकार पर हमला बोला। कहा कि यूपी में पौने चार वर्षों से अधिक की योगी आदित्यनाथ की सरकार है। इसमें अराजकता बढ़ गई है। इस दौरान केवल सपा सरकार के अखिलेश यादव द्वारा कराए गए कार्यों का फीता काटा जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य के मामले में सरकार फेल है। जिन मेडिकल कालेजों का कार्य पूर्ण हुआ है वह सपा सरकार की देन है।
कहा कि कोविड-19 जैसे संवेदनशील मामलों में भी इस सरकार में घोटाले हुए हैं। सरकार की जितनी भी गरीब व मध्यमवर्गीय योजनाएं चलाई जा रही हैं सब भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं। बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार में हाथरस में बेटी की हत्या कर दी जाती है और उसका शव परिवार को जलाने तक को नहीं मिलता है। कहा कि जिन ब्राह्मणों के दम पर सरकार बनी है, उन्हीं परिवार की बहू-बेटियों को जेल में रहना पड़ रहा है। कानपुर कांड में अमन दुबे की पत्नी को जेल के रखने का क्या औचित्य है। मल्हनी उपचुनाव में ऐसी सरकार को पता चल जाएगा। इस दौरान पूर्व विधायक बाबा दुबे, पूर्व जिला प्रवक्ता राहुल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।